अमृतसर में शुक्रवार रात गैंगस्टरों ने पीछा कर रही सीआईए स्टाफ की टीम पर ताबड़तोड़ फायरिंग की। इसके बाद पुलिस टीम ने भी जवाबी फायरिंग की। बताया जा रहा है कि दोनों पक्षों में करीब 20 राउंड से ज्यादा फायरिंग की गई। गोली लगने से एक पुलिसकर्मी घायल हो गया। उसे एक निजी अस्पताल में दाखिल करवाया गया है। हालांकि घटना को लेकर कोई पुलिस अधिकारी पुष्टि नहीं कर रही है।
वारदात के बाद पुलिस कमिश्नर से लेकर एसीपी स्तर के अधिकारियों की गाड़ियां तेजी से बाइपास की तरफ मूव होती दिखाई दीं। रंजीत एवेन्यू थाना, सदर थाना, मजीठा रोड थाना और वेरका थाने की पुलिस को अलर्ट कर दिया गया था। जानकारी के मुताबिक सीआइए स्टाफ को शुक्रवार की रात सूचना मिली थी कि कुछ गैंगस्टर कार में सवार होकर नशीले पदार्थ की सप्लाई करने मजीठा रोड बाइपास से गुजरने वाले हैं। इसके बाद सीआईए की टीम ने मजीठा रोड बाइपास पर नाकाबंदी कर दी।
पुलिसकर्मियों ने एक कार को आते देख रुकने का इशारा किया गया लेकिन आरोपियों ने नाका तोड़कर कार भगा ली। सीआईए स्टाफ की तीन कारों ने कार का पीछा शुरू कर दिया। बताया जाता है कि खुद को बाइपास पर घिरते देख गैंगस्टरों ने पुलिस टीम पर गोलियां बरसानी शुरू कर दीं। इसके बाद पुलिस की टीम ने भी जवाबी फायरिंग की। बताया जा रहा है कि पुलिस और गैंगस्टरों में 20 राउंड से ज्यादा फायरिंग हुई। फायरिंग के दौरान एक गोली नवप्रीत सिंह नाम के कांस्टेबल की बाजू में लगी। बताया जाता है कि गोली नवप्रीत सिंह की बाजू को छूकर निकल गई। नजदीकी अस्पताल में दाखिल करवाया गया है।