सोशल मीडिया पर अपलोड की गई तस्वीर।
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
पंजाबी गायक शुभदीप सिंह उर्फ सिद्धू मूसेवाला की हत्या से काफी दिन पहले बठिंडा जेल में बंद गैंगस्टर सारज संधू ने जेल में खीचीं कुछ फोटो सोशल मीडिया पर वायरल की थी। थाना कैंट पुलिस ने मंगलवार को जेल के डिप्टी अधीक्षक भूपिंदर सिंह की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ केस दर्ज किया है। हालांकि किसी भी अधिकारी ने यह पुष्टि नहीं की है कि फोटो बठिंडा या फिरोजपुर जेल की है।
बता दें कि 29 मई को मूसेवाला की हत्या के बाद मानसा पुलिस आरोपी गैंगस्टर सारज को प्रोडक्शन वारंट पर पूछताछ के लिए लाई थी। आरोपी का नाम मूसेवाला हत्याकांड से जुड़ चुका है और आरोपी के कहने पर ही मनप्रीत भाऊ ने गैंगस्टर रूपा और मनी को कोरोला गाड़ी मुहैया करवाई थी।
जानकारी के अनुसार केंद्रीय जेल के डिप्टी अधीक्षक भूपिंदर सिंह ने थाना कैंट पुलिस को दी शिकायत में बताया है कि केंद्रीय जेल में बंद गैंगस्टर सारज सिंह ने सोशल मीडिया में सारज संधू नाम की आईडी से कुछ फोटो अपलोड किए। इसकी भनक जेल प्रशासन को लगी तो उन्होंने मामले की जांच शुरू कर दी।
आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। वहीं पुलिस को शक है कि गैंगस्टर जेल में बैठे आपराधिक गतिविधियों को अंजाम देने का काम कर रहे हैं। इसमें गुर्गों को फिरौती वसूलने के साथ लोगों को धमकी देने व नशे की तस्करी को बढ़ावा देने जैसे कारगुजारी की जा रही है। फिलहाल पुलिस ने आरोपी से पूछताछ शुरू कर दी है।