पंजाबी गायक सिद्धू मूसेवाला कत्ल केस में अब पटियाला की केंद्रीय जेल में बंद गैंगस्टर नरेश को दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल प्रोडक्शन वारंट पर सात दिनों के रिमांड पर ले गई है। बताया जा रहा है कि नरेश लॉरेंस बिश्नोई का करीबी है। वह दिल्ली, हरियाणा, राजस्थान, यूपी व पंजाब में गैंग चलाने वाले लॉरेंस-काला जठेड़ी गैंग से जुड़ा है।
पुलिस ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिये नरेश को कोर्ट में पेश कर सात दिन की रिमांड लिया है। हालांकि दिल्ली पुलिस ने नरेश की 14 दिनों की रिमांड मांगी थी। जानकारी के मुताबिक मूसेवाला की हत्या में गिरफ्तार छह आरोपियों ने पूछताछ में नरेश का नाम लिया है। इसके बाद ही दिल्ली पुलिस उसे पटियाला जेल से प्रोडक्शन वारंट पर ले गई है।
अब दिल्ली पुलिस मूसेवाला कत्ल केस में गिरफ्तार छह आरोपियों से नरेश का आमना-सामना कराएगी। जानकारी के मुताबिक नरेश को पता था कि सिद्धू मूसेवाला कत्ल के आरोपी वारदात के बाद कहां छिपे और इस दौरान किसने उनकी मदद की। इसके अलावा नरेश को मूसेवाला कत्ल केस के हथियारों के बारे में भी पूरी जानकारी है।
दिल्ली पुलिस पूछताछ में नरेश से पता लगाएगी कि ये हथियार कहां से और कैसे यहां पुहंचे और किसने मुहैया कराया। पटियाला जेल के अधीक्षक मनजीत सिंह टिवाणा ने जेल में बंद गैंगस्टर नरेश को दिल्ली पुलिस की ओर से प्रोडक्शन वारंट पर ले जाने की पुष्टि की।
एक व्यक्ति पिस्तौल समेत पुलिस हिरासत में
उधर, सिद्धू मूसेवाला की हत्या के मामले में लॉरेंस बिश्नोई को 13 दिन के पुलिस रिमांड पर रखने के बाद मानसा पुलिस ने अब तक कोई खुलासा नहीं किया है। जबकि मानसा पुलिस अब तक करीब छह गैंगस्टरों को जेलों से प्रोडक्शन वारंट पर लाकर पूछताछ कर चुकी है लेकिन पुलिस ने इस संबंध में कोई भी जानकारी अब तक नहीं दी है।
पता लगा है कि मानसा पुलिस ने गांव भम्मे खुर्द से एक व्यक्ति को पिस्तौल समेत काबू किया है। उससे पूछताछ की जा रही है लेकिन एसएसपी ने इस तरह की कोई गिरफ्तारी या किसी हिरासत की पुष्टि नहीं की है। उनका कहना है कि सिद्धू मूसेवाला की हत्या के मामले में पुलिस बारीकी से काम कर रही है और समय आने पर इसका खुलासा किया जाएगा।