फिरोजपुर के थाना कुलगढ़ी के गांव बुक्कन खां वाला में गैंगस्टर गुरप्रीत सिंह उर्फ लाडी अपने साथियों संग पिस्तौल के बल पर नाबालिग (16) को अगवा करके ले गया। गुरप्रीत जबरदस्ती नाबालिग से शादी करना चाहता है। गुरप्रीत गांव में हवाई फायरिंग भी की। थाना कुलगढ़ी पुलिस ने पीड़िता के पिता के बयान पर गैंगस्टर गुरप्रीत सिंह (40) निवासी शेर खां समेत छह लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया।
पीड़िता के पिता ने पुलिस को दिए बयान में कहा कि गैंगस्टर गुरप्रीत सिंह उसकी बेटी के साथ शादी करना चाहता था। पीड़ित परिवार उसे पसंद नहीं करता था, क्योंकि वह आपराधिक मामलों में वांछित है। पीड़ित ने कहा कि उसकी बेटी भी गुरप्रीत को पसंद नहीं करती है। मंगलवार की रात गैंगस्टर गुरप्रीत अपने साथी सीसू निवासी शेरखां व चार अज्ञात लोगों के साथ उनके घर पहुंचा।
लड़की गुरप्रीत को देखकर डर गई और अंदर कमरे में जाकर कुंडी लगा ली। गुरप्रीत पिस्तौल के बल पर नाबालिग को अपने साथ उठाकर कहीं ले गया और जाते समय गांव में हवाई फायरिंग की। मामले की तफ्तीश कर रहे एएसआई राज सिंह ने बताया कि गैंगस्टर गुरप्रीत के खिलाफ लगभग 16 मामले दर्ज हैं, जिनमें लूटपाट व अगवा के मामले शामिल हैं।
लड़की गुरप्रीत से शादी नहीं करना चाहती थी। लड़की और गुरप्रीत के परिवार वाले आपस में रिश्तेदार भी हैं। गुरप्रीत ने लड़की के परिवार वालों से शादी की बात की थी। लड़की वालों ने इनकार कर दिया था। पुलिस उसकी तलाश कर रही है। आरोपियों को जल्द ही काबू कर लिया जाएगा।