कार सवार छह युवकों ने सोमवार शाम कैथल की एक महिला का अपहरण करने के बाद उससे कंडेला के खेतों में सामूहिक दुराचार किया। यह सनसनीखेज मामला हरियाणा के जींद का है। इससे पहले युवकों ने महिला के रिश्तेदार को डंडों से हमला कर उनकी गाड़ी के शीशे तोड़ दिए।
मंगलवार सुबह आरोपी महिला को गांव रुपगढ़ के एक मकान के बाहर छोड़कर फरार हो गए। पुलिस ने महिला का सामान्य अस्पताल में मेडिकल करवाने के बाद छह युवकों के खिलाफ अपहरण, सामूहिक दुराचार और एससीएसटी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
कैथल निवासी एक महिला सोमवार शाम को अपनी रिश्तेदारी में जींद के एक गांव आ रही थी। महिला पटियाला चौक पर बस से उतरने के रिश्तेदार के साथ उसकी गाड़ी में आ रही थी। इसी दौरान उसके रिश्तेदार का जानकार गांव कंडेला निवासी मनोज भी गाड़ी में सवार हो गया। आरोपी मनोज ने अपने दोस्तों को गांव रुपगढ़ में बुला लिया।
इस दौरान जब महिला का रिश्तेदार गाड़ी से नीचे उतरा तो आरोपी मनोज के साथियों ने उस पर डंडों से वार कर बेसुध कर दिया। महिला ने युवकों के इरादे भांपते हुए कार को अंदर से लॉक कर लिया तो आरोपियों ने गाड़ी के शीशे तोड़ दिए। इसके बाद महिला को अपनी गाड़ी में खींचकर फरार हो गए।
बाद में आरोपियों ने गांव कंडेला के खेतों में ले जाकर उसके साथ सामूहिक दुराचार किया। महिला का अपहरण होते ही उसके रिश्तेदारों ने उसकी तलाश शुरू की लेकिन उसका सुराग नहीं लगा। आरोपी युवक मंगलवार अल सुबह महिला को गांव रुपगढ़ के एक मकान के बाहर फेंककर फरार हो गए। पीड़ित महिला ने पूरे घटनाक्रम के बारे में परिजनों को बताया। घटना की सूचना पाकर सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और महिला के बयान दर्ज किए।
पुलिस ने सामान्य अस्पताल में मेडिकल करवाने के बाद महिला की शिकायत पर गांव कंडेला निवासी चंद्रशेखर उर्फ बिल्लू, मनोज, जितेंद्र, काला, संदीप, सन्नी के खिलाफ सामूहिक दुराचार, अपहरण, एससीएसटी एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है।