युवती की भाभी के साथ रास्ते में 4 युवकों द्वारा गैंगरेप किए जाने के मामले में पुलिस का चौंकाने वाला खुलासा। हरियाणा के पिंजौर के गांव बिटना के पास दुष्कर्म का मामला पुलिस अब सेक्स रैकेट से जोड़कर देख रही है।
शिकायतकर्ता की ओर से अपनी भाभी के साथ गैंगरेप की बात कहने के बाद पीड़िता ने बयानों में रेप होना बताया था। वहीं, अब सामने आया है कि शिकायतकर्ता पर पंचकूला में वेश्यावृत्ति का मामला दर्ज है।
फिलहाल, पुलिस ने चारों आरोपियों को गिरफ्तार करके कोर्ट में पेश किया, जहां से युवकों को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। शिकायतकर्ता ने जिस कार का नंबर बताया था, वह कार भी पुलिस ने बरामद कर ली है।
शिकायतकर्ता पर वेश्यावृत्ति का मामला दर्ज
पंचकूला थाना सेक्टर-5 में शिकायतकर्ता पर वेश्यावृत्ति का मामला दर्ज है। पुलिस ने 27 अगस्त 2004 को अनैतिक व्यापार निवारण अधिनियम-1956 के तहत शिकायतकर्ता महिला, उसके पति व एक अन्य महिला पर मामला दर्ज किया था।
इसलिए उठ रहे हैं सवाल
-घटना सोमवार देर शाम की है तो थाने में शिकायत बुधवार को क्यों दी गई।
-शिकायतकर्ता व दुष्कर्म पीड़िता के बयानों में अंतर है। शिकायत में महिला ने चारों आरोपियों पर दुष्कर्म का आरोप लगाया है, जबकि पीड़िता ने 164 के बयानों में एक युवक पर दुष्कर्म का आरोप लगाया है।
-शिकायत में महिला ने चारों आरोपियों के नाम व पहचानने की बात की है। उसने आरोप लगाया कि अगले दिन आरोपियों ने उसे फोन कर धमकाया है। ऐसा है तो आरोपियों के पास महिला का नंबर कहां से आया।
रिश्तेदार हैं आरोपी
पुलिस के अनुसार, आरोपी भोलू कुमार, गांव माजरा महताब निवासी राजेश कुमार, गांव घाटीवाला निवासी पंकज और गौतम को वीरवार रात उनके घर से ही गिरफ्तार किया गया। आरोपी रिश्तेदार हैं। भोेलू कुमार व राजेश कुमार साढू हैं। वहीं, पंकज व गौतम चचेरे भाई हैं।