दसवीं की एक छात्रा अपनी सहेली के साथ किताब लेने जा रही थी। लेकिन रास्ते में मिले तीन युवकों ने ऐसा काम किया, जिसने सबको झकझोर दिया है। ये घटना हरियाणा के झज्जर की है। जहां तीन युवकों पर एक छात्रा से गैंगरेप का आरोप लगा है। आरोप है कि युवकों ने युवती को उसकी सहेली के साथ अगवा किया और उसके साथ सामूहिक रुप से दुष्कर्म किया।
घटना के दौरान उसकी एक सहेली को आरोपियों ने कार में ही बंद कर दिया। घटना झज्जर के पास स्थित एक गांव की है। पीडि़त छात्रा ने पुलिस के दिए बयान में बताया कि वह दसवीं की परीक्षा दे रही है। दोपहर बाद पड़ोस में रहने वाली एक छात्रा किसी से किताब लेने के लिए उसे अपने साथ ले गई। जब वह गांव के बस अड्डे पर पहुंची तो वहां एक कार में मौजूद युवकों ने उन्हें जबरदस्ती अंदर खींच लिया।
लड़की ने बताया कि आरोपियों ने कार सुनसान जगह पर रोक दी और छात्रा को खींचकर खेतों में ले गए। उन्होंने उसकी सहेली को कार में ही लॉक कर दिया। तीनों युवकों ने खेतों में ले जाकर उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। छात्रा ने इसका विरोध किया तो उन्होंने उसे जान से मारने की धमकी दी। पीडि़त परिवार के लोग घटना की शिकायत लेकर महिला थाने में पहुंचे। पुलिस ने उन्हें मेडिकल जांच के लिए सिविल अस्पताल भेज दिया। आरोप है कि वारदात करने वाले युवकों से छात्रा की सहेली की मिलीभगत थी।
पुलिस पर भी उठे सवाल
गैंगरेप का शिकार युवती
- फोटो : demo
इस पूरे मामले में पुलिस पर भी सवाल उठ रहे हैं। गैंगरेप का शिकार युवती को पुलिस को साथ लेकर अस्पताल लाना चाहिए था। लेकिन पुलिस ने उसे खुद अस्पताल जाने को कहा। पुलिस की कार्य शैली को लेकर परिजनों ने अस्पताल में हंगामा कर दिया। सूचना पर एसपी के हस्तक्षेप के बाद महिला थाना प्रभारी अस्पताल पहुंची।
इसके बाद प्राथमिक उपचार के बाद छात्रा को रोहतक पीजीआइ रेफर कर दिया गया। वारदात के बाद कार सवार युवक दोनों छात्राओं को गांव में छोड़कर फरार हो गए। पीडि़ता ने घर जाकर परिजनों को घटना के बारे में बताया। शिकायत में पीडि़त छात्रा के परिजनों का आरोप है कि पड़ोस में रहने वाली छात्रा की भी इस वारदात में भूमिका है।