धर्मपुर चौकी क्षेत्र के गांव औरंगाबाद कसेर स्थित एक आम के बाग में मंगलवार सुबह अज्ञात महिला और करीब पांच वर्षीय बच्चे का अधजला शव मिला। आशंका जताई जा रही है कि दोनों की हत्या के बाद शव को फेंका गया है। पुलिस को शव के पास से शिनाख्त संबंधी कोई दस्तावेज नहीं मिला है।
सूचना पर एसएसपी सोनिया सिंह ने घटना स्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए सुरक्षित रखवा दिया है। गांव औरंगाबाद कसेर में जय सिंह व द्वारिका प्रसाद का आम का बाग है।
मंगलवार सुबह करीब आठ बजे बाग में काम करने वाले मुन्ना बाबू को एक महिला और बच्चे का अधजला शव मिला। मुन्ना ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने जाकर देखा कि दोनों शव एक-दूसरे से करीब तीन मीटर दूरी पर पड़े थे।