बाबा बालक नाथ से अमृतसर लौट रहे श्रद्धालुओं से भरे एक ट्रक के बनखंडी के पास दुर्घटनाग्रस्त हो जाने पर उसमें सवार 14 वर्षीय किशोर की मौत हो गई जबकि 25 लोग घायल हो गए।
घायलों को होशियारपुर सिविल अस्पताल में भरती कराया गया जहां से एक किशोर को गंभीर हालत के चलते अमृतसर मेडिकल कॉलेज और अस्पताल भेजा गया है।
जानकारी के अनुसार रविवार देर शाम एक ट्रक में अमृतसर के छहर्टा इलाके के करीब 50 लोग बाबा बालक नाथ मंदिर देयोट सिद्ध, शाह तलाई जिला बिलासपुर, हिमाचल प्रदेश में माथा टेकने गए थे। माथा टेक कर वापस लौटते वक्त पंजाब-हिमाचल सीमा के करीब बनखंडी क्षेत्र में तीखी उतराई पर ड्राइवर ट्रक को कंट्रोल नहीं कर पाया।
अनियंत्रित होकर ट्रक सड़क किनारे बाईं करवट पलट गया। हादसे में करीब 25 लोगों को चोटें आई जबकि बाकी बाल-बाल बच गए। इस दौरान वहां से गुजर रहे एक ऊना निवासी अपनी गाड़ी में एक गंभीर घायल किशोर को ऊना सिविल अस्पताल लेकर गया, लेकिन रास्ते में ही घायल ने दम तोड दिया।
मृतक की पहचान सतनाम सिंह (14) पुत्र जसपाल सिंह के तौर पर हुई है। सतनाम दसवीं कक्षा का छात्र था। बाकी घायलों को होशियारपुर सिविल अस्पताल में भरती करवाया गया।
होशियारपुर में घायलों का इलाज जारी था जिनमें से एक किशोर रजत (16) के पेट में आंतरिक रक्तस्राव के चलते अमृतसर मेडिकल कॉलेज और अस्पताल रेफर कर दिया गया।
खबर लिखे जाने तक सिविल अस्पताल होशियारपुर में 16 लोग भरती थे जबकि बाकियों को मरहम पट्टी के बाद छुट्टी दे दे गई थी।