मोहाली में कमेटी डलवाकर लाखों की ठगी करने का एक मामला सामने आया है। आरोपी लाखों रुपये हड़प कर फरार हो गया। सेक्टर-70 के मकान नंबर 1099 मे रहने वाले चरणदेव सिंह ने अरोपी के खिलाफ एसएसपी को शिकायत दी है। एसएसपी ने थाना सोहाना को जांच करने के लिए आदेश दिए है। पुलिस आरोपी की तलाश में जुट गई है।
शिकायतकर्ता चरणदेव ने बताया कि सोहाना निवासी महेश कुमार पर आरोप लगाए हैं कि उसने उनकी पत्नी सुखविंदर कौर से कमेटी डालने के नाम पर डेढ़ लाख रुपये ठगे है। गारंटी के तौर पर उसने उनकी पत्नी से कुछ खाली चेकों पर साइन करवा लिए है। लेकिन, अब वह उनकी पत्नी को फोन कर और पैसों की मांग कर रहा है। साथ ही चेक लगाने की धमकी दे रहा है।
शिकायतकर्ता ने बताया कि पत्नी ने उन्हें बगैर बताए डेढ़ लाख रुपये की कमेटी डाली थी। जिसकी वह 10 हजार रुपये मासिक किश्त देती थी। कमेटी पूरी होने के बाद आरोपी ने उन्हें पैसे लौटाने से मना कर दिया और उनकी पत्नी को ब्लैकमेल करने लगा कि अगर वह और पैसे नहीं देगी तो वह उनके पति को सब कुछ बता देगा। पत्नी ने तंग आकर चरणदेव को सारी बात बताई।
इसके बाद जब उनकी पत्नी ने पैसे देने से इंकार कर दिया तो उसने पत्नी द्वारा दिए चेक पर डेढ़ लाख रुपये लिखकर बैंक में लगा दिया। खाते में पैसे न होने पर वह बाउंस हो गया। लेकिन आरोपी उन्हें चेक बाउंस का केस करने की धमकी दे रहा है। उन्होंने बताया कि आरोपी शहर से फरार है।
बाप के साथ बेटे भी करते हैं ठगी
चरणदेव ने बातया कि आरोपी महेश कुमार के साथ उसके दो बेटे सुनील कुमार और नरेंद्र कुमार फरार हैं। तीनों लोगों से कमेटी डलवाते थे। उन्होंने बताया कि वह लोगों को पैसे डबल करने कर लालच भी देते थे। उन्होंने बताया कि ऐसे कई लोग हैं जो उनके झांसे में आ चुके हैं।
अलग अलग नंबरों से करता है फोन
शिकायतकर्ता ने बताया कि कमेटी डालने वाले कई लोगों से आरोपी ने गारंटी के तौर पर खाली एफिडेविट भी साइन करवा लिए थे। आरोपी अलग-अलग नंबरों से फोन करके उन्हें धमकी दे रहा हैं कि अगर पैसे नहीं दिए तो वह उनके एफिडेविट का गलत प्रयोग करेगा।