अमेरिका भेजने का झांसा देकर 17 लाख 40 हजार रुपये हड़पने पर उचाना थाना पुलिस ने एक दंपत्ती के खिलाफ धोखाधड़ी समेत विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। पीड़ित दो महीने तक इंडोनेशिया और स्पेन में फंसा रहा। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
गांव लोदर निवासी राजेश ने उचाना थाना पुलिस को दी शिकायत में बताया कि गांव छातर निवासी सुरेश ने उचाना में विदेश भेजने का कार्यालय खोला है। वह अपने बेटे साहिल को अमेरिका भेजने के सिलसिले में राजेश से मिला। राजेश ने 38 लाख रूपये की मांग की। सब कुछ तय होने के बाद साहिल के अमेरिका पहुंचने पर राशि देने को कहा। सुरेश ने उन्हें 45 दिन में साहिल को अमेरिका भेजने का आश्वासन दिया।
सुरेश ने अन्य एजेंटों के साथ बात कर बेटे को गुमराह कर इंडोनेशिया भेज दिया। दो महीने तक बेटा इंडोनेशिया में फंसा रहा। दो जून 2022 को पांच लाख रुपये सुरेश को दिए। इसके बाद कोई न कोई बहाना बनाकर उनसे राशि ली जाती रही। 10 नवंबर 2022 तक उनसे 17 लाख 40 हजार 400 रुपये आरोपियों ने ले लिए। इसके बाद बेटे को स्पेन भेज दिया।
काफी समय तक उसका बेटा वहां पर फंसा रहा। जब बेटा अमेरिका नहीं पहुंचा तो उन्होंने सुरेश से राशि वापस मांगी। सुरेश और उसकी पत्नी दिनेश कुमारी ने राशि लौटाने से मना कर दिया और बुरा अंजाम भुगतने की धमकी दी। उचाना थाना पुलिस ने राजेश की शिकायत पर सुरेश और उसकी पत्नी दिनेश कुमारी के खिलाफ धोखाधड़ी समेत विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
उचाना थाना के जांच अधिकारी प्रेम कुमार ने बताया कि व्यक्ति ने विदेश भेजने के नाम पर राशि हड़पने की शिकायत दी है। इसके आधार पर दंपती के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। फिलहाल मामले की जांच की जा रही है।