जाली दस्तावेजों के सहारे एक नाबालिग की जमानत करवाने पहुंचे एक व्यक्ति को जज ने पकड़ लिया। पता चला है कि आरोपी पहले भी ठगी के एक मामले में किसी की जमानत करवा चुका है।
जज ने इसकी शिकायत चीफ जुडीशियल मजिस्ट्रेट को की, जिसके बाद उसे रोपड़ जेल भेज दिया गया। राजपुरा निवासी बलविंदर सिंह ने एक नाबालिग की जमानत करवाने के लिए प्रथम श्रेणी जुडीशियल मजिस्ट्रेट आशीष सालदी की अदालत में अपने दस्तावेज किए तो जज को उस पर संदेह हो गया।
इसी बीच उन्होंने अपने मुलाजिमों को हिदायत दी कि वे अपना रिकॉर्ड चेक करें। जब मुलाजिमों ने रिकॉर्ड चेक किया तो पता चला कि इससे पहले बलविंदर सिंह मटौर थाने में दर्ज एक ठगी के मामले में किसी की जमानत करवा चुका है।
इसके बाद उक्त व्यक्ति को अदालत ने रोक लिया। साथ ही जज ने इस बारे में चीफ जुडीशियल मजिस्ट्रेट को शिकायत दी और पूरी घटना के बारे में उन्हें जानकारी दी।
अदालत ने बलविंदर सिंह को न्यायिक हिरासत में रोपड़ जेल भेज दिया। गौरतलब है कि इससे पहले भी जिला अदालत में एक महिला को जाली दस्तावेजों के आधार पर जमानत देने के आरोप में काबू किया था। अदालत में अपनी तरह का दूसरा मामला है।