रेलवे में नौकरी दिलवाने का झांसा देकर तीन व्यक्तियों ने गांव शाहदीन वाला के चार नौजवानों से 14.20 लाख रुपये की ठगी की। थाना सदर पुलिस ने सोमवार को पीड़ितों की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है। सभी आरोपी फरार हैं।
पुलिस को दिए बयान में पीड़ित मंगल सिंह पुत्र मन्दा, सरबजीत सिंह पुत्र निर्मल सिंह, रेशम सिंह पुत्र तारा सिंह और महन्दों पत्नी जस्सा सिंह निवासी गांव शाहदीन वाला ने बताया आरोपी बचित्तर सिंह, राज कौर और धर्मेंद्र सिंह ने उनके बच्चों को रेलवे विभाग में नौकरी दिलाने का झांसा देकर 14 लाख 20 हजार रुपये की ठगी की।
पीड़ितों ने बताया कि बचित्तर ने अपना नाम संदीप सिंह बताया था और वह बच्चों को रेलवे में नौकरी दिलाने के नाम पर लुधियाना, चंडीगढ़ व जम्मू इंटरव्यू दिलाने के लिए ले गया, उन्हें बताया गया कि रेलवे का डीआरएम इंटरव्यू लेगा। यही नहीं आरोपियों ने उनके बच्चों के असल सर्टिफिकेट भी ले रखे हैं। गांव के अन्य लोगों के साथ आरोपियों ने नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी मारी है।
मामले की जांच कर रहे एएसआई सुखदेव सिंह ने बताया कि मंगल सिंह, सरबजीत सिंह, रेशम सिंह और महन्दों के बयान के आधार पर आरोपी बचित्तर सिंह पुत्र दर्शन सिंह, राज कौर पत्नी बचित्तर सिंह निवासी दासूवाल जिला तरनतारन और धर्मेंद्र सिंह पुत्र शीतल सिंह निवासी गांव डूमनी वाला थाना कुलगढ़ी के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया है। आरोपियों की धरपकड़ के लिए पुलिस छापेमारी कर रही है।