ब्रांडेड कंपनियों के टैग लगाकर कपड़े बेचने की शिकायत मिलने पर पुलिस ने मनीमाजरा स्थित मोरी गेट बाजार और कृष्णा मार्केट में सोमवार को छापा मारा। इस दौरान पुलिस को साईं ट्रेडर्स और मां ज्वाला गारमेंट्स की दुकान से कई ब्रांडेड कंपनियों के लाखों रुपये के कपड़े मिले।
शिकायत देने वाली कंपनी स्पीड नेटवर्क की अधिकारी रत्ना कपूर ने बताया कि दोनों दुकानों से फर्जी टैग लगे हुए भारी मात्रा में कपड़े बरामद हुए हैं। मनीमाजरा थाना पुलिस ने दोनों दुकानदारों के खिलाफ कॉपी राइट एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है।
रत्ना कपूर ने बताया कि उन्हें सूचना मिली थी कि साईं ट्रेडर्स और मां ज्वाला गारमेंट्स दुकानों पर उनकी कंपनी के टैग लगाकर कपड़े बेचे जा रहे हैं।
इसके बाद उन्होंने मामले की शिकायत पुलिस को दी। मनीमाजरा थाना पुलिस और स्पीड नेटवर्क की अधिकारी ने मिलकर साईं ट्रेडर्स की दुकान पर छापा मारा। इस दौरान पुलिस को टॉमी हीलफिगर, जीटीएस स्टार, सुपर ड्राइव समेत अन्य ब्रांड के कपड़े मिले। इसके बाद पुलिस ने मां ज्वाला गारमेंट्स पर छापा मारा। इस दौरान पुलिस को तीन मंजिला दुकान में ब्रांडेड कंपनी के नकली टैग लगे कपड़े बरामद हुए। पुलिस ने सभी ब्रांडेड कंपनी के टैग लगे कपड़ों को जब्त कर लिया।
मनीमाजरा थाना प्रभारी हरमिंदरजीत सिंह ने बताया कि ब्रांडेड कंपनी के टैग लगाकर कपड़े बेचने वाले मां ज्वाला गारमेंट्स के राजकुमार संधू और साईं ट्रेडर्स के मालिक मनीष अरोड़ा के खिलाफ रत्ना कपूर ने शिकायत दी है। पुलिस मामला दर्ज कर जांच कर रही है।
दुकानदारों ने की नारेबाजी
मनीमाजरा में पुलिस की रेड की सूचना मिलते ही वहां के व्यापारियों में हड़कंप मच गया। व्यापारियों ने दुकानें बंद कर दी और राज कुमार संधू की दुकान पर प्रदर्शन करने लगे। इस दौरान दुकानदारों ने सड़क पर खड़े होकर जमकर नारेबाजी की। मनीमाजरा व्यापार मंडल के मलकीत सिंह ने बताया कि इस तरह कंपनी के कर्मचारियों का दुकानों में आकर रेड मारना गलत है। अगर कंपनी को रेड मारनी है तो लुधियाना और दिल्ली जाकर फैक्टरी में क्यों नहीं रेड मारते हैं। मलकीत सिंह ने कहा कि वह जल्द ही इस मामले को लेकर एसएसपी से मुलाकात कर इसकी शिकायत देंगे।