सिविल लाइंस के गांव सोई में झूलती लाइन से घटना
छह दिन बाद जानी थी छोटे की बारात, घर में कोहराम
सिविल लाइंस थाने के गांव सोई में झूलती हुई हाईटेंशन लाइन की चपेट में आकर छोटे नाम के युवक की मौत हो गई। छोटे की शादी तय हो चुकी थी। उसकी बारात 10 जुलाई को शाहजहांपुर के गढिय़ा रंगीन जानी थी। घटना के बाद घर में कोहराम मचा हुआ है।
गांव सोई निवासी छोटे (19) पुत्र विजय पाल सिंह सोमवार दोपहर अपने घर की छत पर था। घर के पास ही जूनियर हाई स्कूल है। स्कूल के पास से 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन लाइन गुजर रही है। यह लाइन काफी नीश्चे झूल रही है। छत पर टहलते वक्त छोटे हाईटेंशन लाइन की चढपेट में आकर बुरी तरह से झुलस गया। परिवार वाले उसे लेकर वजीरगंज सीएचसी पहुंचे। यहां से गंभीर हालत में जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। छोटे ने जिला अस्पताल पहुंचने से पहले ही दम तोड़ दिया। छोटे की मौत के साथ परिवार में शादी की खुशियां मातम में बदल गईं। उसकी मां बदहवास है। गांव में भी गमगीन माहौल है।
----
साप्ताहिक पैठ में गिरी हाईटेंशन लाइन, भगदड़
कई दुकानें जलीं, हजारों का नुकसान, हादसा टला
दातागंज। थाना क्षेत्र के गांव डहरपुर में लगने वाली साप्ताहिक पैठ में सोमवार दोपहर 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन लाइन टूट कर गिर गई। गनीमत रही कि कोई लाइन की चपेट में नहीं आया। इससे बड़ा हादसा टल गया। हालांकि, लाइन गिरने से कई दुकानदारों के तिरपाल आदि जल गए। हजारों रुपये का नुकसान होने का अनुमान है।
डहरपुर गांव में सोमवार को साप्ताहिक बाजार लगता है। आस-पास के गांवों के हजारों लोग बाजार में खरीद-फरोख्त को पहुंचते हैं। बाजार के ऊपर से 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन लाइन गुजर रही है। दोपहर अचानक लाइन का एक तार टूट गया। इससे लाइन बाजार में गिर गई। यहां भगदड़ मच गई। कई दुकानें जल गईं। गनीमत रही कि कोई लाइन की चपेट में नहीं आया। ऐसा होता तो बड़ा हादसा हो सकता था।