पलवल के गांव में चार लोगों की गोली मारकर हत्या
- फोटो : अमर उजाला
बेटी की शादी से एक दिन पहले घर में मातम पसर गया। मामूली विवाद पर चार लोगों की गोली मारकर हत्या कर दी गई। वारदात हरियाणा के पलवल जिले में अंजाम दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया गया।
वहीं, दिनदिहाड़े इस तरह से चार हत्याओं के बाद गांव में दहशत का माहौल बना हुआ है। घर के लोग तो सदमे में हैं। हथीन थाना पुलिस के एएसआई मनोज का कहना है कि शवों का पोस्टमॉर्टम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया गया है। अभी तक किसी के नाम से शिकायत नहीं मिली है, पुलिस कार्रवाई कर रही है।
खेलते बच्चे को पड़ोसी ने मार दिया था थप्पड़
पलवल के गांव में चार लोगों की गोली मारकर हत्या
- फोटो : अमर उजाला
पुलिस को दी शिकायत में मृतक दीन मोहम्मद के बेटे मोहम्मद मुबीन ने बताया कि उसकी बहन की शादी 26 मई को थी। परिवार के सभी लोग तैयारियों में लगे थे। घर में आए रिश्तेदारों का बच्चा बाहर खेल रहा था। किसी बात को लेकर पड़ोसी ने उसे थप्पड़ मार दिया तो उसके पिता दीन मोहम्म्द शिकायत करने के लिए गए।
बातचीत हो रही थी कि पड़ोसी परिवार झगड़ा करने पर उतर आया। बात इतनी बढ़ गई कि उन्होंने दीन मोहम्मद को गोली मार दी। गोली चलने की आवाज सुनकर रज्जाक, हामिद और वसीम भी वहां पहुंचे, लेकिन पड़ोसी परिवार इतना भड़का हुआ था कि उन्हें भी देखते ही गोलियों से छलनी कर दिया। गोलीबारी की आवाज सुनकर गांव के लोग दौड़े आए, तब तक चारों की मौत हो चुकी थी।