दूसरे हादसे में कोटकपूरा के नए बस स्टैंड के पास बुधवार सुबह कैंटर की टक्कर के चलते बाइक पर सवार एक महिला की मौत हो गई। पति को भी मामूली चोटें लगी। मृतका की पहचान बठिंडा के मोहल्ला बीड़ तालाब निवासी स्वर्ण कौर के रूप में हुई। सुखदेव सिंह अपनी पत्नी स्वर्ण कौर के साथ बाइक पर सवार होकर रिश्तेदारी में फिरोजपुर जा रहा था। कोटकपूरा में नए बस स्टैंड के पास सामने से आ रहे धान से भरे भरा कैंटर ने बाइक को टक्कर मार दी। इसके स्वर्ण कौर सड़क पर गिर गई और कैंटर के नीचे आने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
सड़क हादसे में मजदूर की मौत
बटाला में अज्ञात वाहन से टक्कर से मजदूर की मौत हो गई। थाना घन्नियां के बांगर की पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज करके आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस को दी गई शिकायत में मुखतार सिंह निवासी घन्नियां के बांगर ने बताया कि उसका बड़ा भाई जगतार सिंह (40) मजदूरी करता था। वह घर से काम पर गया था। घर वापस नहीं आने पर उसकी तलाश की गई। इस पर पता चला कि जगतार को कोई अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी है। अलीवाल रोड के पास झाड़ियों में उसका शव मिला। एएसआई परमिंदर सिंह ने बताया कि पुलिस ने अज्ञात वाहन के चालक के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
वहीं पठानकोट में कुछ दिन पहले भोआ के गांव जंगल में एलपीजी सिलेंडर की पाइप से लीकेज के बाद आग लग गई थी। भड़की आग में दुकानदार देसराज बुरी तरह झुलस गया। मंगलवार देर रात को उपचार के दौरान देसराज की मौत हो गई। मौत के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल लाया गया। हादसा 17 अक्तूबर की देर शाम गांव जंगल में हुआ था। जिसमें दंपति श्रवण व सुनीता के घर घरेलू गैस पाइप लीकेज थी और दुकानदार देस राज पाइप ठीक करने आए थे।
रिपेयर के बाद देस राज ने जैसे ही चैक करने के लिए चूल्हा जलाया तो आग भड़क गई। घटना में दंपति श्रवण व सुनीता तथा दुकानदार देसराज तीनों बुरी तरह झुलस गए। परिजनों के सहयोग से उन्हें पठानकोट अस्पताल में भर्ती करवाया गया था। मंगलवार देर शाम देसराज की हालत और बिगड़ गई और कुछ ही देर बाद उसने दम तोड़ दिया। पुलिस थाना सदर ने परिजनों के बयानों के आधार पर मामला दर्ज किया है।