शहर में नाके लगाने और चेकिंग के बावजूद भी स्नैचिंग की घटनाएं रुकने का नाम नहीं ले रही हैं।
24 घंटों के अंदर बाइक सवार स्नैचरों ने तीन महिलाओं समेत की एक व्यक्ति को अपना शिकार बनाया।
शुक्रवार शाम को कार्यालय से लौट रही एक महिला का बाइक सवार झपटमारों ने सेक्टर-7 से पर्स छीन लिया।
पर्स में एक मंगलसूत्र, सोनू की अंगूठी, नगदी और मोबाइल फोन था। घटना वीआईपी एरिया के सेक्टर-7 में हुई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
सेक्टर-46 निवासी महिला रचना ने पुलिस को बताया कि वह सेक्टर-7 स्थित अपने सरकारी कार्यालय से वापस जा रही थी।
उधर, सेक्टर-38 सी के मंदिर के सामने बाइक सवार झपटमारों ने एक महिला को अपना शिकार बनाया।
शिकायतकर्ता सारिका शर्मा एक साल के बेटे को गोद में लेकर पैदल जा रही थी। इस दौरान पीछे से आए बाइक सवार झपटमारों ने उसका पर्स छीन लिया और भाग गए।
इससे महिला सड़क पर गिर गई और बेसुध हो गई। महिला के अनुसार, पर्स में एटीएम कार्ड और कुछ नगदी थी। वहीं, शास्त्री नगर में अपने घर के बाहर सामान बेचने वाली एक महिला के साथ शास्त्री नगर का ही एक युवक अभद्रता करते हुए छेड़छाड़ की। आरोप है कि इसके बाद युवक महिला केपैसे छीनकर भाग गया।
मनीमाजरा पुलिस ने महिला की शिकायत पर शास्त्री नगर निवासी रजत के खिलाफ मामला दर्ज करके जांच शुरू कर दी है। रजत अभी पुलिस की गिरफ्त से बहार है। मनीमाजरा थाना प्रभारी का कहना कि रजत को पकड़ने के लिए पुलिस छापेमारी कर रही है।
जगतपुरा जा रहे व्यक्ति को बनाया शिकार
सेक्टर-31 के लाइट प्वाइंट पर वीरवार को बाइक सवार तीन झपटमारों ने जगतपुरा निवासी रामजस का पर्स छीन लिया और भाग गए।
सेक्टर-31 पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। शिकायतकर्ता ने पुलिस को बताया कि वह ट्रिब्यून चौक से जगतापुरा अपने घर पैदल जा रहा था।
पीछे से आ रहे बाइक सवार युवकों ने पूछा कि वह कहां जा रहा है। इतने में झपटमारों ने उसे पीटना शुरू कर दिया इस दौरान उसका पर्स और बैग छीन लिया।
शिकायतकर्ता के अनुसार, बैग झपटमार मौके पर ही फेंक गए और पर्स छीन कर मौके से फरार हो गए। शिकायतकर्ता के अनुसार पर्स में एक एटीएम कार्ड था।