कनाडा से आतंकी नेटवर्क चला रहा लखबीर सिंह उर्फ लंडा के चार साथियों को मोहकमपुरा पुलिस ने बिना नंबर की कार से गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों की यह गिरफ्तारी सोमवार को बटाला रोड स्थित सन सिटी पार्क के पास से की है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 32 बोर के चार देसी पिस्तौल, तीन मैगजीन, नौ कारतूस और एक कार बरामद की है।
पुलिस ने आरोपियों को मंगलवार शाम अदालत में पेश करने के बाद दो दिन का पुलिस रिमांड हासिल कर उनसे पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस कमिश्नर जसकरण सिंह ने बताया कि सोमवार शाम बटाला रोड स्थित सन सिटी बाग चौक के पास पुलिस नाकेबंदी कर वाहनों की जांच कर रही थी। इस दौरान वेरका की ओर से सफेद रंग की बिना नंबर की एक स्विफ्ट कार को लाइट मारकर रुकने का इशारा किया।
कार के रुकने पर चारों के बाहर निकलने पर पुलिस इन्हें काबू कर तलाशी ली। इनके कब्जे से चार देसी पिस्तौल, नौ कारतूस और तीन खाली मैगजीन मिले हैं। सीपी सिंह ने बताया कि पूछताछ के दौरान आरोपियों ने अपनी पहचान तरनतारन के भिखीविंड नानक की कुटिया के पास रहने वाले राजबीर सिंह उर्फ राजा, अरमानदीप सिंह उर्फ लखा, गुरलाल सिंह उर्फ लाली और गुरलाल सिंह के रूप में बताई।
राजबीर से एक देसी पिस्तौल, एक खाली मैगजीन, दो कारतूस, अरमानदीप सिंह से एक देसी पिस्तौल, एक खाली मैगजीन, गुरलाल उर्फ लाली से एक देसी पिस्तौल, तीन कारतूस मिले हैं। एक खाली मैगजीन, एक देसी पिस्तौल, एक मैगजीन और चार कारतूस गुरलाल के पास से मिले हैं।
पुलिस कमिश्नर जसकरण सिंह ने बताया कि प्राथमिक जांच में सामने आया कि गिरफ्तार गुरलाल सिंह ने चारों पिस्तौल आकाशदीप सिंह निवासी नाग कलां (मजीठा) के माध्यम से खरीदे थे। आकाशदीप सिंह फरीदकोट की जेल में बंद है।
चारों आरोपी गैंगस्टर लखबीर सिंह उर्फ लंडा के साथी हैं। डिप्टी कमिश्नर मुखविंदर सिंह भुल्लर ने बताया कि आरोपियों को अदालत में पेश कर दो दिन का पुलिस रिमांड हासिल कर पूछताछ की जा रही है। उन्होंने यह भी बताया कि आरोपी गुरलाल सिंह एक विस्फोटक मामले में वांछित है। वहीं दूसरी तरफ यह भी बताया जा रहा है कि आरोपियों के कब्जे से मिले मोबाइल फोन में कई एप्लिकेशन मिले हैं, जिनकी पुलिस फॉरेंसिक जांच करवा रही है।