गांव दौला के पूर्व अकाली सरपंच बलजिंदर सिंह ने मंगलवार को भूमि रक्षा विभाग के एसडीओ मंगत राम शर्मा को जीटी रोड स्थित एसडीएम दफ्तर के बाहर सरेआम तमाचा जड़ दिया। पूर्व सरपंच विभाग द्वारा गांव दौला और भारू में डाली गई पानी की पाइपों के लीक होने पर भड़के थे।
जानकारी के अनुसार भूमि रक्षा विभाग द्वारा गांव दौला और भारू में पानी की पाइपें डाली गईं थी। दौला के पूर्व अकाली सरपंच बलजिंदर सिंह ने मंगलवार को एसडीओ मंगत राम शर्मा को फोन कर पाइपों में लीकेज की बात कही।
इस पर एसडीओ पाइप की लीकेज वाले स्थान का मुआयना करने पहुंचे। यहां उन्हें पता चला कि बलजिंदर सिंह तो एसडीएम दफ्तर में है। एसडीओ मंगत राम तुरंत एसडीएम दफ्तर पहुंच गए।
यहां दोनों में तकरार हो गई। इस दौरान पूर्व सरपंच ने एसडीओ को तमाचा जड़ दिया, जिससे एसडीओ सड़क पर गिर गए। एसडीओ ने इस मामले की शिकायत एसडीएम गिद्दड़बाहा, डीएसपी गिद्दड़बाहा और विभाग के उच्चधिकारियों को की।
इससे पूर्व अकाली सरपंच ने कुछ वर्ष पहले सांसद हरसिमरत कौर बादल के संगत दर्शन में प्रवेश करने की कोशिश कर रही एक युवती को सरेआम तमाचा जड़ा था।