ड्रग्स संग अफ्रीकी मूल का विदेशी नागरिक गिरफ्तार
- फोटो : amar ujala
पुलिस ने शुक्रवार को दो अलग-अलग मामलों में अफ्रीकी मूल के एक विदेशी नागरिक समेत चार व्यक्तियों को 255 ग्राम हेरोइन और 260 ग्राम नशीले पाउडर समेत काबू किया है। पकड़े नशों की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत 55 लाख रुपये बताई जा रही है।
पुलिस लाइन में शुक्रवार को आयोजित पत्रकार वार्ता में एसपी (डी) हरविंदर सिंह विर्क ने बताया कि थाना सिविल लाइन पुलिस पार्टी ने नाभा रोड पर पीआरटीसी की वर्कशाप के पास विशेष नाकाबंदी की हुई थी। इसी दौरान एक स्विफ्ट कार को रोक कर जब इसकी तलाशी ली गई, तो इसमें सवार दो व्यक्तियों को काबू किया गया। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से 260 ग्राम सफेद नशीला पाउडर बरामद किया गया।
आरोपियों की पहचान संजीव कुमार उर्फ संजय यादव उर्फ दाना निवासी पातड़ां और कुलदीप सिंह निवासी कलवानू रोड घग्गा के तौर पर हुई है। गिरफ्तारी के बाद पूछताछ में आरोपियों ने माना कि वह यह नशीला पाउडर जम्मू कश्मीर से लेकर आए थे और इसको पटियाला के नजदीक बेचना था। आरोपियों के खिलाफ सिविल लाइन थाने में केस दर्ज किया गया है।
एसपी (डी) ने बताया कि पुलिस चौकी माडल टाउन नाका लगाकर सिविल लाइन इलाके में वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इस दौरान सफेद रंग की वेगआर कार को रोक कर इसकी तलाशी ली, तो इसमें सवार दो व्यक्तियों के पास बैग से 255 ग्राम हेरोइन बरामद की गई। आरोपी कार चालक की पहचान राकेश कुमार शर्मा निवासी भारत विहार ककरोला साउथ वेस्ट नई दिल्ली और अगली सीट पर बैठे व्यक्ति की पहचान योसेफ जेम्ज निवासी नाइजीरिया हाल निवासी नई दिल्ली के तौर पर हुई है।
आरोपियों के खिलाफ थाना सिविल लाइन में केस दर्ज किया गया है। पूछताछ में आरोपियों ने माना कि वह हेरोइन दिल्ली से लेकर आए थे और इसको पटियाला के नजदीकी यूनिवर्सिटियों व कालेजों में नशा लेने वाले लड़कों को महंगे दाम में सप्लाई किया जाना था। पुलिस के मुताबिक बरामद किए गए नशों की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत 55 लाख रुपये बताई जा रही है।