सेक्टर-5 स्थित निर्झर वाटिका में अवैध रूप से चल रहे ‘फाइव डिग्री’ रेस्तरां पर हुडा द्वारा चस्पाए गए नोटिस को रेस्तरां संचालकों ने फाड़ दिया।
बिना अनुमति लिए रेस्तरां चलाने पर हुडा ने जवाब देने के लिए सात दिनों की मोहलत दी थी और सोमवार को ही रेस्तरां पर एक नोटिस भी चस्पाया था।
इस रेस्तरां का संचालन 24 दिसंबर से ही हो रहा था, लेकिन 31 दिसंबर को न्यू ईयर पार्टी के बाद परिसर में ही गोली चलने के कारण यह रेस्तरां सुर्खियों में आया था।
इस घटना में शहरी विकास मंत्रालय दिल्ली में सचिव स्तर पद पर तैनात केएस सिद्धू के बेटे के गनमैन पंजाब पुलिस के हेड कांस्टेबल जयपाल को उसकी खुद की सर्विस गन से सिर में गोली लगी थी।
इसके बाद रेस्तरां का परत-दर-परत राज खुलता गया और नियमों की अनदेखी की विधायक द्वारा दी गई शिकायत के बाद हुडा ने भी कार्रवाई करते हुए नोटिस दिया था।
बिड जीतने के बाद नहीं हुआ था एग्रीमेंट
इस रेस्तरां के लिए बिड हुई थी, जिसे फाइव डिग्री के मालिकों ने जीता था, लेकिन अभी तक कोई एग्रीमेंट साइन नहीं हुआ था। इसके बावजूद रेस्तरां का संचालन शुरू करने के अलावा पार्क में भी अवैध तरीके से कब्जा कर नियमों का उल्लंघन किया गया।
इस तरह हुआ नियमों का उल्लंघन
टेंडर की शर्तों के मुताबिक, यहां सिर्फ केफेटेरिया चलाया जा सकता है, लेकिन यहां बार भी चलाया जा रहा है। हुडा अधिकारियों के मुताबिक फॉल्स सीलिंग, स्पेस कवर करने, गेट लगाने के अलावा रेस्तरां में कई और तरह से नियमों की अनदेखी की गई थी।