पंजाब के अमृतसर में मजीठा रोड के बसंत नगर इलाके में रंगदारी के फोन के दो घंटे बाद ही घर के बाहर हवाई फायरिंग का मामला सामने आया है। पुलिस ने फिलहाल अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज करने के बाद मामले में जांच शुरू कर दी है। मजीठा रोड स्थित बसंत नगर निवासी रिंकू उर्फ पहलवान ने पुलिस को बताया कि 20 दिसंबर की रात को वह अपने घर में मौजूद था। इस दौरान करीब रात करीब साढ़े बजे मोबाइल पर कॉल आई।
फोन करने वाले ने उनसे 20 लाख रुपये की रंगदारी मांगी और पैसे नहीं देने की सूरत में मारने की धमकी दी। रिंकू ने बताया कि इस फोन कॉल के दो घंटे बाद ही लगभग साढ़े 10 बजे दो अज्ञात युवक एक बाइक पर सवार होकर उनके घर के बाहर पहुंचे।
शिकायतकर्ता ने बताया कि बाइक सवार युवकों ने घर के गेट के सामने खड़े होकर दो हवाई फायर किए, जब वह आवाज सुनकर घर से बाहर निकला तो बाइक सवार युवक वहां से फरार हो गए। वहीं दूसरी तरफ जांच अधिकारी कुलबीर सिंह बुट्टर ने बताया कि युवकों ने मुंह बांध रखा था तो सीसीटीवी की फुटेज में युवकों का पता नहीं चल पाया। सीसीटीवी फुटेज में बाइक के नंबर का भी पता नहीं चल रहा। उन्होंने बताया कि साइबर क्राइम सेल आरोपी के मोबाइल नंबर से उसे ट्रैक कर पता लगाने के प्रयास कर रहा है।