पेट्रोल पंप पर रविवार देर रात तीन लुटेरों ने गोली मारकर दो ड्राइवरों का कत्ल कर दिया। वहीं पंप के दोनों कारिंदों ने मौके से भाग कर अपनी जान बचाई। वारदात पंजाब में पटियाला के कस्बा बहादुरगढ़ के नजदीक पड़ते गांव चमारहेड़ी में अंजाम दी गई। बुलेट मोटरसाइकिल पर पहुंचे आरोपियों के मुंह ढके हुए थे। मौके से आरोपियों ने 11 हजार रुपये लूटे और फरार हो गए। पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ थाना सदर में हत्या, लूट और आर्म्स एक्ट के तहत केस दर्ज कर लिया है।
साथ ही पुलिस ने पेट्रोल पंप और इसके आसपास से सीसीटीवी फुटेज हासिल कर ली है, जिसमें लुटेरों की तस्वीरें कैद हैं। पुलिस चौकी बहादुरगढ़ के अधीन पड़ते गांव चमारहेड़ी स्थित गुरु नानक पेट्रोल पंप के कारिंदे बलराज सिंह निवासी गांव बोहड़पुर जनहेड़िया ने थाना सदर पुलिस को बयान दिया है कि रविवार रात करीब सवा दस बजे पेट्रोल पंप पर वह और उसका साथी जगतार सिंह ड्यूटी पर थे। इसी बीच तीन लोग बुलेट मोटरसाइकिल पर आए। तीनों के मुंह ढके हुए थे और उनमें से दो के पास पिस्टल थी।
उन्होंने पिस्टल दिखाकर कारिंदों से कैश मांगा। जगतार सिंह ने उसके पास जो पांच हजार रुपये कैश था, वह लुटेरों को दे दिया। इसी दौरान कैंटर ड्राइवर कुलदीप सिंह निवासी गांव दौनकलां जिला पटियाला अपने व्हीकल में डीजल डलवाकर पंप पर बैठा चाय पी रहा था। लुटेरों ने कुलदीप सिंह से भी पैसों की मांग की। कुलदीप सिंह के मना करने पर एक लुटेरे ने उसके पेट में गोली मार दी। इससे कुलदीप सिंह जमीन पर गिर गया। यह देखकर कारिंदे बलराज और जगतार मौके से भाग गए। लुटेरों ने जमीन पर तड़प रहे कुलदीप सिंह की जेब से भी करीब छह हजार रुपये निकाल लिए।
इसी बीच गोली की आवाज और शोर सुनकर साथ के ढाबे पर काम करने वाला हरी सिंह, वहां बैठा ड्राइवर दविंदर सिंह निवासी गांव आलमपुर जिला पटियाला समेत पांच-छह लोग पेट्रोल पंप की तरफ भागे। उनको अपनी तरफ आता देखकर लुटेरों ने दविंदर सिंह को भी गोली मार दी। बाद में लुटेरे ढाबे के नजदीक खड़ा किए अपने बुलेट मोटरसाइकिल पर राजपुरा की तरफ फरार हो गए। कुलदीप सिंह की तो मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दविंदर सिंह की बाद में इलाज के दौरान सरकारी राजिंदरा अस्पताल में मौत हो गई।
पेट्रोल पंप पर लगे सीसीटीवी कैमरों समेत आसपास की सीसीटीवी कैमरों से भी फुटेज हासिल की गई है। जिनमें लुटेरों की तस्वीरें कैद हैं। हर पहलू से इस वारदात की जांच की जा रही है। जल्द ही आरोपियों को पकड़ लिया जाएगा।
- हरविंदर सिंह विर्क, एसपी (डी), पटियाला