पंजाब में फिरोजपुर जिले में आरएसडी कॉलेज में पढ़ने वाले कुछ छात्रों का कई दिन से विवाद चल रहा था। इसे लेकर छात्रों में तनाव था। वीरवार को आरएसडी कालेज के सामने छात्रों के दोनों गुटों में झगड़ा हो गया। झगड़े के दौरान गोली चली जो गांव मस्तेके सरपंच अंग्रेज सिंह के पांव में लगी। वह गंभीर रूप से जख्मी हो गए। बताया जा रहा है कि सरपंच अपने बेटे का विवाद सुलझाने के लिए आए थे। छात्रों के एक गुट के छात्र ने पांच गोलियां दागीं जिससे इलाके में दहशत फैल गई।
सूचना मिलते ही थाना सिटी पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और कार्रवाई शुरू कर दी। कॉलेज के छात्रों का कहना है कि किसी बात को लेकर कुछ छात्रों का विवाद चल रहा था। वीरवार को छात्रों के दोनों गुट कालेज के समक्ष आमने-सामने हो गए। छात्रों के पारिवारिक सदस्य उक्त छात्रों का विवाद सुलझाने के लिए आए थे लेकिन विवाद इतना बढ़ गया कि एक गुट के छात्र ने पिस्तौल से ताबड़तोड़ गोलियां चलानी शुरू कर दी। एक गोली गांव मस्तेके सरपंच अंग्रेज सिंह के पांव में जाकर लगी।
जख्मी हालत में सरपंच को सिविल अस्पताल फिरोजपुर में दाखिल करवाया गया। वहां डाक्टरों ने प्राथमिक उपचार करने के बाद सरपंच की नाजुक हालत देख उसे फरीदकोट स्थित गुरु गोबिंद सिंह मेडिकल कालेज रेफर कर दिया है। आरोपी छात्र गोली दागने के बाद वहां से फरार हो गए। सीसीटीवी में सारी वारदात कैद हो गई। कैमरे की फुटेज में साफ देखा गया कि एक छात्र बेखौफ होकर कई छात्रों पर गोलियां दाग रहा है लेकिन गोलियां पास से गुजर गई।
सूचना मिलने पर थाना सिटी के प्रभारी जतिंदर सिंह पुलिस पार्टी संग घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने कालेज के बाहर दुकानदारों व कई छात्रों से पूछताछ की। सिंह का कहना है कि मामले की तफ्तीश कर रहे हैं, जल्द ही आरोपियों को काबू किया जाएगा। उधर, सरपंच अंग्रेज सिंह ने पुलिस को बताया कि वह किसी कामकाज के सिलसिले से आरएसडी कालेज की तरफ से गुजर रहे थे। कुछ छात्र उनके बेटे से मारपीट कर रहे थे तभी किसी ने गोली दाग दी जो उसके पांव में आकर लगी।