गनौर के गांव गढ़ी केसरी में शुक्रवार देर शाम हुई गोलीबारी में केबल संचालक सहित दो की गोली मारकर हत्या कर दी गई। मृतकों में एक हमलावर भी शामिल है। सूचना के बाद पहुंची पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम करवाने के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भिजवा दिया। मामला पुरानी रंजिश से जुड़ा बताया जा रहा है। पुलिस अफसरों के अनुसार हत्या के असल कारणों की पड़ताल की जा रही है। जल्द ही खुलासा कर दिया जाएगा।
गांव गढ़ी केसरी निवासी पवन त्यागी गांव में केबल संचालन का काम करता है। उसने गांव के अड्डे पर अपना कार्यालय बना रखा है। शुक्रवार देर शाम करीब आठ बजे वह अपने कार्यालय में बैठा था। इसी दौरान आई-20 कार सवार चार युवक उसके पास पहुंचे। युवकों ने उसे कार्यालय से बाहर बुला लिया। पवन उनके साथ गांव की तरफ जाने लगा।
कुछ दूर चलते ही अचानक गोलीबारी शुरू हो गई। गोलीबारी में पवन और दूसरे पक्ष से जींद के गांव जुलाना का रहने वाला प्रदीप घायल हो गए। प्रदीप ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। वहीं गोली लगने से पवन बुरी तरह से घायल हो गया। गोलीबारी के बाद कार में सवार होकर आए युवक कार छोड़कर मौके से फरार हो गए।
ऑफिस से बुला ले गए थे चार युवक
- फोटो : Demo Pic
ग्रामीणों ने मामले की सूचना पवन के परिजनों को दी। वह उसे तुरंत पानीपत के एक निजी अस्पताल में ले गए जहां उपचार के दौरान पवन ने भी दम तोड़ दिया। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है।
वारदात की सूचना मिलते ही डीएसपी ओमप्रकाश, गन्नौर थाना प्रभारी कंवल सिंह, सीआईए प्रभारी इंदीवर मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने हमलावरों की कार को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि मामला पुरानी रंजिश से जुड़ा बताया जा रहा है लेकिन मामले की गहनता से जांच के बाद ही कुछ कहा जा सकेगा।
पुलिस को गांव गढ़ी केसरी में गोली चलने की सूचना मिली थी। पुलिस मौके पर पहुंची तो दो युवकों को गोली लगने की बात सामने आई। दोनों की मौत हो गई है। इनमें एक युवक हमलावर पक्ष का शामिल है। पुलिस मामले की गहनता से जांच में जुट गई है। जांच के बाद ही कुछ कहा जा सकेगा।
-ओमप्रकाश, डीएसपी गन्नौर