पंजाब में अटारी बॉर्डर पर आज सुबह पाक ड्रग तस्करों और बीएसएफ जवानों में मुठभेड़ हुई। घटना में 3 जवान घायल हो गए।
मिली जानकारी के अनुसार, अटारी बॉर्डर से 5-6 किलोमीटर दूर स्थित दाउके चौकी के पास जवान गश्त कर रहे थे। गश्त के दौरान जवानों ने झाड़ियों में कुछ हलचल देखी।
अनहोनी की आंशका से उन्होंने आवाज दी तो सामने से फायरिंग शुरू हो गई। बीएसएफ के जवानों ने भी जवाबी कार्रवाई करते हुए फायरिंग की।
इस फायरिंग में बीएसएफ के दो कांस्टेबल और एक ड्राइवर बुरी तरह से जख्मी हो गए। छानबीन के दौरान जवानों ने तस्करों से भारी मात्रा में हेरोइन बरामद की।
घायलों में राजस्थान निवासी कांस्टेबल राकेश, अलवर निवासी कांस्टेबल नागेंद्र और असम निवासी ड्राइवर महेंद्र शामिल है। बीएसएफ के कैंप में उनका इलाज चल रहा है। तीनों खतरे से बाहर हैं।