हरियाणा के कैथल में विवाह समारोह में डीजे बजाने को लेकर युवकों ने दुल्हन के परिजनों पर फायरिंग कर दी। इससे दुल्हन की मां की मौत हो गई, जबकि फुफेरे भाई सहित एक अन्य गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल युवक को पीजीआई चंडीगढ़ रेफर किया गया है। पुलिस ने एक युवक को हिरासत में लेकर जांच आरंभ कर दी है।
गांव जीतगढ़ में शनिवार को दो लड़कियों का विवाह था। इसमें हिसार में विवाहित स्थानीय वासी शीला देवी की बेटी मीनू की शादी मूंदडी के एक युवक के साथ होनी थी। शीला की बेटी मीनू के साथ ही उसकी चचेरी बहन पारूल की भी शादी था।
पारूल के लिए फतेहाबाद से बारात आई थी। विवाह समारोह में डीजे बजाने को लेकर दुल्हनों को परिवार के दो युवकों का डीजे वालों के साथ विवाद हो गया। यह विवाद उस समय तो निपट गया और विवाह की सभी रस्में पूरी करने के बाद दोनों दुल्हनों को विदा भी कर दिया गया था। लेकिन इसके बाद जैसे ही परिजन टेंट और दूसरा सामान समेट रहे थे तो छह-सात बाइकों पर सवार होकर दो दर्जन युवक आए।
दुल्हनों की विदाई के बाद दो दर्जन युवकों ने बोला धावा
इन युवकों ने पिस्तौल, डंडे और हॉकी से दोनों दुल्हनों के परिजनों पर हमला बोल दिया। इस दौरान हमलावर युवकों ने जहां परिजनों पर फायरिंग की। वहीं, हॉकी और डंडों से भी हमला किया।
फायरिंग के दौरान एक गोली मीनू की मां शीला, फुफरे भाई सतबीर और उन्हीं के परिवार के दाना राम को लगी। इन्हें तुरंत जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने शीला को मृत घोषित कर दिया और सतबीर की गंभीर हालत को देखते हुए उसे पीजीआई चंडीगढ़ रेफर कर दिया। उधर, घटना को अंजाम देने के बाद युवक वहां मौजूद अन्य लोगों को धमकी देकर फरार हो गए। लेकिन एक युवक को गांव वासियों ने दबोच लिया, जिसे पुलिस के हवाले कर दिया गया है।
गांव में घटना से दहशत
सूचना मिलते ही सीआईए प्रभारी सत्यवान सहित सीआईए टीम अस्पताल पहुंची तथा स्थिति का जायजा लिया। वहीं गांव में इस मामले को लेकर दहशत का माहौल है।
गांव के सरपंच अशोक कुमार ने फोन पर पुलिस को इस मामले की जानकारी दी। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी अंग्रेज सिंह मौके पर पहुंचे। लोगों ने एक हमलावर युवक को उनके हवाले कर दिया है।
एसएचओ अंग्रेज सिंह ने बताया कि मूंदड़ी गांव के युवाओं ने इस घटना को अंजाम दिया है और उनमें से एक युवक को राउंडअप कर लिया गया है और बाकी को भी जल्दी ही हिरासत में ले लिया जाएगा। पुलिस जांच में जुटी हुई है।