जीरकपुर के गांव पभात में मंगलवार को छोटे बच्चों के लिए बनाए जाने वाले डायपर के एक गोदाम में अचानक आग लग गई। यह आग कैसे लगी, इसका पता लगाने के लिए अधिकारियों की टीम फिलहाल आग को बुझाने में लगी हुई है।
आग गोदाम की पहली मंजिल पर स्थित स्टोर में लगी हैं। आग से गोदाम के साथ लगते मकानों में दरार आ गई। आग फैलती देखकर मकान मालिक अपने सामान सहित पहले ही बाहर निकल गया। वहीं, घटना की सूचना पाकर डीएसपी पुरुषोत्तम बल, जीरकपुर थाना प्रभारी पवन शर्मा व डेराबस्सी फायर स्टेशन इंचार्ज मनजीत सिंह घटनास्थल पर पहुंचे, जिन्होंने हालात का जायजा लिया और इमारत की हालत को देखते हुए आसपास के घरों को तुरंत खाली करवा दिया।
वहीं, लोगों को गोदाम से दूर रखने के लिए भारी संख्या में पुलिस बल तैनात कर दिया, ताकि कोई व्यक्ति गोदाम के पास न पहुंच सकें। वहीं, देर शाम तक फायर टेंडरों की संख्या में चार दर्जन के करीब पहुंच चुकी है, जो अभी भी जारी है। वहीं, आग लगने से हुए नुकसान का अभी अंदाजा नहीं लगाया जा सका। अनुमान के मुताबिक, कंपनी के इस सामान की कीमत करोड़ों रुपये में हैं।
जानकारी के मुताबिक, गांव पभात से नडियाली को जाने वाली सड़क पर यूनिचार्म इंडिया प्राइवेट लिमिटेड कंपनी का गोदाम स्थित है। वहीं, मंगलवार सुबह करीब 11.56 पर ग्राउंड फ्लोर पर स्थित कर्मचारियों को फर्स्ट फ्लोर से आग का धुआं निकलता दिखाई दिया, जिसके बाद मामले की सूचना कंपनी के पदाधिकारियों को दी गई। वहीं आग ने भयानक रूप धारण कर लिया, जो खबर लिखे जाने तक जारी रही। दूसरी ओर, कंपनी का यह गोदाम बेसमेंट, ग्राउंड और फर्स्ट फ्लोर में स्थित है, जिसके अंदर बच्चों के लिए इस्तेमाल होने वाला डायपर भारी मात्रा में भरा हुआ है। देर शाम तक फायर बिग्रेड की गाड़ियां लगातार मौके पर आकर पानी की बौछार करने में लगी रही, लेकिन गोदाम के अंदर लगी आग हैं कि बुझने का नाम नहीं ले रही।