सेक्टर-22 स्थित रामा स्टोर के पास रविवार रात को हिंदी फिल्म की शूटिंग के दौरान टाइगर श्राफ को देखने आए दो गुटों में बीच सड़क जमकर हाथापाई हुई, जबकि कुछ दूरी पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने बीच-बचाव तक की जहमत नहीं उठाई। वहीं, घटना के दूसरे दिन शाम तक पुलिस को उपद्रवियों के बारे में जानकारी नहीं मिल पाई।
जानकारी के अनुसार रविवार देर रात को सेक्टर-22 में टाइगर श्राफ की फिल्म की शूटिंग चल रही थी। इस दौरान काफी संख्या में लोग पहुंचे थे। एक प्रत्यक्षदर्शी के अनुसार शूटिंग स्थल से कुछ ही दूरी पर रामा स्टोर के पास अचानक किसी बात को लेकर दो गुटों में लड़ाई होने लगी। युवकों के साथ लड़कियां भी मौजूद थीं। मामला बढ़ता देखकर लड़कियों ने शोर मचा दिया। जब तक पुलिस मौके पर पहुंची तब तक सभी वहां से फरार हो गए। चौकी प्रभारी जय भगवान ने बताया कि शूटिंग से कुछ ही दूरी पर दो पक्षों में लड़ाई हुई थी।
मगर उनके बारे में ज्यादा जानकारी नहीं मिल पाई है। उपद्रव करने वाले को जल्द ही काबू कर लिया जाएगा। हालांकि पता चला है कि सभी युवक चंडीगढ़ के निवासी हैं और सभी आपस में दोस्त थे। इसी वजह से इस मामले में कोई शिकायतकर्ता भी नहीं आया।