चंडीगढ़ हाउसिंग बोर्ड (सीएचबी) में तैनात एक महिला कर्मचारी ने अपने ही विभाग के 11 कर्मचारियों के खिलाफ यौन उत्पीड़न की शिकायत बोर्ड के वरिष्ठ अधिकारियों से की है। मामला सोमवार को तब प्रकाश में आया जब महिला कर्मचारी ने मामले की लिखित शिकायत बोर्ड के चीफ एग्जीक्यूटिव ऑफिसर (सीईओ) कार्यालय में दी।
सीईओ के शहर से बाहर होने के चलते विभाग के अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने तुरंत जांच कमेटी गठित कर सभी आरोपी कर्मचारियों को नोटिस जारी कर जवाब-तलब किया गया है। आरोपियों में 2 महिला और दो रिटायर्ड कर्मचारियों के नाम भी शामिल हैं।
जानकारी के अनुसार, सेक्टर-9 स्थित सीएचबी कार्यालय में शिकायतकर्ता महिला कर्मचारी बीते 20 वर्ष से कार्यरत है। उन्होंने सीएचबी दफ्तर में तैनात दो महिला कर्मचारियों के साथ दो रिटायर्ड और 7 अन्य कर्मचारियों के खिलाफ कार्यस्थल पर यौन उत्पीड़न का आरोप लगाया है। महिला कर्मचारी ने इस संबंध में बोर्ड के सीईओ कार्यालय को शिकायत दी है। आरोप के मुताबिक, विभाग के आरोपी कर्मचारी आए दिन उनसे छेड़छाड़ और अभद्र भाषा का प्रयोग करते हैं और उनका यौन उत्पीड़न करते हैं।
मामले की गंभीरता को देखते हुए बोर्ड के अधिकारियों ने अकाउंट्स ऑफिसर गगनदीप कौर की अध्यक्षता में गठित कमेटी को मामले की जांच सौंपी है। कमेटी ने तत्काल एक्शन लेते हुए सभी आरोपियों को नोटिस जारी कर जवाब-तलब कर लिया है। वहीं विभागीय लोगों का कहना है कि शिकायत करने वाली महिला कर्मचारी कुछ समय से मानसिक रूप से पेरशान चल रही हैं। इसके चलते उनकी स्थिति ठीक नही है। इसी वजह से वह किसी पर भी कोई आरोप लगा देती हैं।
कुछ माह पहले सेक्रेटरी को भी दी थी शिकायत
बताया गया है कि कुछ माह पहले ही महिला कर्मचारी ने बोर्ड के सेक्रेटरी से भी एक बार मौखिक रूप से विभागीय कर्मचारियों द्वारा परेशान किए जाने को लेकर शिकायत दी थी। सेक्रेटरी ने आरोपियों को बुलाकर पूछताछ की थी। बताया जाता है कि मामले में सेक्रेटरी ने साफ तौर पर सभी आरोपियों को चेतावनी देते हुए मर्यादा और डेकोरम में काम करने की हिदायत दी थी।