सौतेले पिता से 7वीं कक्षा में पढ़ने वाली मासूम बेटी का दुराचार कराने के मामले में अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायालय ने आरोपी पति व मां को दोषी करार दिया है। दोनों दोषियों की सजा का एलान 17 फरवरी को किया जाएगा।
इस मामले को अदालत ने अति दुर्लभ श्रेणी में रखा है। नवंबर 2014 को घटी इस घटना ने हर तरफ सनसनी फैला दी थी। एडीजे संगीता राय की अदालत ने 14 महीनों में इस मामले का निपटारा किया है।
पुलिस के अनुसार 22 नवंबर 2014 को नगर की एक कॉलोनी में एक नाबालिग को लोगों ने रोते हुए देखा। नाबालिग की जानकार महिला ने उससे रोने का कारण पूछा तो उसने जो बताया उसे सुनकर उसका दिल दहल गया। वह नाबालिग को पुलिस थाने ले आई और पुलिस अधिकारियों ने उसकी आपबीती सुनी तो वे भी दंग रह गए। नाबालिग ने महिला अधिवक्ता समक्ष दिए अपने बयानों में बताया कि वह सातवीं कक्षा में पढ़ती है। उसके पिता निक्कू राम से उसकी मां अंजू रानी का कुछ महीने पहले तलाक हो गया।
इसके बाद मां ने जगदीश सैनी निवासी ढाणी तेजा सिंह के साथ दूसरी शादी कर ली। कुछ दिन पहले रात के समय वह अपने छोटे भाई, मां अंजू और पिता जगदीश सभी एक ही बेड पर सोये हुए थे। मां व पिता ने उसे दूसरे कमरे में चलने को कहा तो उसने मना कर दिया। उसने मां से कहा कि उसे नींद आ रही है। इसके बाद मां गिलास में पानी लेकर आई और जगदीश ने एक गोली जबरन उसे दी। फिर मां ने उसे जबरन बेड पर लिटाया और हाथ उसे उसका मुंह बंद कर दिया।
इसके बाद पिता जगदीश ने उसके साथ बलात्कार किया। मां व पिता ने उससे कहा कि अगर इस बारे में किसी को बताया तो यह ठीक नहीं होगा। छह नवंबर 2014 को मां ने जबरन दोषी जगदीश के साथ उसकी मंदिर में शादी करवा दी। शादी के उपरांत जगदीश हर रोज जबरन उसके साथ शारीरिक संबंध बनाने लगा।