पटियाला के थाना शुतराणा के गांव नाईवाला में किसान ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस के मुताबिक किसान लाखों के कर्ज तले दबा था। इसी वजह से वह पिछले काफी समय से परेशान था। पुलिस ने धारा 174 के तहत कार्रवाई की है। गांव नाईवाला की सरपंच अनुपम कौर ने बताया कि किसान सुशील कुमार (40) के पास करीब चार एकड़ जमीन थी। उस पर बैंकों और साहूकारों का करीब आठ लाख रुपये का कर्ज था।
सोमवार देर शाम वह अपने खेतों में मोटर वाले कमरे में गया और वहां छत पर लगे लोहे के गार्डर से गर्म लोई का फंदा बनाकर लटक गया। जब काफी देर तक सुशील कुमार घर नहीं पहुंचा तो परिवार वालों को चिंता हुई। सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लिया। पुलिस के मुताबिक किसान सुशील कुमार अपने खेत में ट्यूबवेल के बोर पर भी काफी पैसा खर्च कर चुका था लेकिन पानी की कमी बनी हुई थी।