पंजाब के बरनाला जिले के गांव ठीकरीवाला के एक किसान ने कर्ज से परेशान हो फंदा लगाकर खुदकुशी कर ली। मृतक की पहचान किसान शमशेर सिंह के तौर पर हुई है। थाना सदर प्रभारी कुलदीप कुमार ने बताया कि शमशेर सिंह पर बैंकों, आढ़तियों और सोसाइटी का करीब 40 लाख कर्ज था। भतीजे हरबंस सिंह के मुताबिक उसके चाचा शमशेर सिंह कर्ज की वजह से काफी परेशान रहते थे। बीते दिनों से वह ज्यादा मानसिक परेशान चल रहा थे।
थाना प्रभारी कुलदीप कुमार ने बताया कि किसान शमशेर सिंह ने वीरवार को अपने घर में ही फंदा लगाकर खुदकुशी कर ली। उन्होंने बताया कि भतीजे हरबंस सिंह के बयान पर 174 के तहत कार्रवाई कर शव उसके परिजनों को सौंप दिया है। बरनाला जिले में इस हफ्ते 3 किसानों ने खुदकुशी कर ली है। इससे पहले बीते दिनों गांव छीनीवालकलां के किसान सुखचैन सिंह और गांव जोधपुर के किसान कौर सिंह ने कर्ज से आहत होकर खुदकुशी कर ली थी।
वीरवार को ठीकरीवाला के किसान शमशेर सिंह ने खुदकुशी कर ली है। बरनाला से आप विधायक गुरमीत सिंह मीत हेयर, कुलवंत सिंह पंडोरी व पिरमल सिंह खालसा ने कहा कैप्टन सरकार के कार्यकाल में किसानों की हालत और भी ज्यादा खराब हुई है। किसान यूनियन के नेता बलौर सिंह ने कहा कि पीड़ित परिवारों को मुआवजा व एक एक सरकारी नौकरी तुरंत दी जाए।