फसल खराब हुई तो पैसों की खातिर अफीम की तस्करी शुरू कर दी। नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (एनसीबी) ने 1.25 किलो अफीम के साथ एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। आरोपी को सेक्टर 25 से एनसीबी ने ट्रैप लगाकर गिरफ्तार किया है।
आरोपी ने पूछताछ में माना कि फसल बर्बाद होने के बाद ये काम शुरू किया था। रविवार को एनसीबी ने फूलचंद को जिला अदालत में पेश किया, जहां से उसे 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
जानकारी के अनुसार आरोपी की पहचान मध्यप्रदेश निवासी फूलचंद (55) के रूप में हुई है। फूलचंद मध्यप्रदेश के रतलाम जिले के थंबगढ़ियां गांव का रहने वाला है। एनसीबी के जोनल डायरेक्टर कौस्तुभ शर्मा ने बताया कि आरोपी को शुक्रवार रात को सेक्टर 25 से उस वक्त गिरफ्तार किया, जब वह अफीम की डिलीवरी देने आया था। गुप्त सूचना के आधार पर एनसीबी ने बताया कि फूलचंद के थैले से तीन पैकेट में 1.25 किलो अफीम बरामद हुई है।
मध्यप्रदेश में छोटा किसान है
पूछताछ में सामने आया है कि वह मध्यप्रदेश में छोटा किसान है। उसका कहना था कि इस बार फसल अच्छी नहीं हुई थी। पैसों की दिक्कत थी तो वह लालच में आ गया और अफीम लेकर सेक्टर 25 में डिलीवरी करने आ गया था।
चार से पांच हजार मिलने थे
एनसीबी के जोनल डायरेक्टर ने बताया कि जिसने फूलचंद को अफीम दे के भेजा था, उन्होंने फूलचंद को निर्देश दिये थे कि सेक्टर 25 पहुंच कर फोन करना। तब जिसे अफीम देनी है, उसका नाम पता बताया जाएगा। एनसीबी ने बताया कि आरोपी को इस डिलीवरी के चार से पांच हजार रुपये मिलने थे।