उद्योगपति और राइस मिलर की गोलियां मारकर हत्या
दिनदिहाड़े नामी उद्योगपति और राइस मिलर की गोलियां मारकर हत्या कर दी गई। वारदात और आरोपी सीसीटीवी में कैद हो गए, जिनकी शिनाख्त की जा रही है। वारदात पंजाब के फरीदकोट के जैतो में अंजाम दी गई। बाजाखाना रोड पर शनिवार बाद दोपहर कार सवार दो युवकों ने शहर के प्रमुख उद्योगपति व राइस मिलर रविंदर कोचर उर्फ पप्पू की गोली मारकर हत्या कर दी। हत्या के पीछे जैतो के ही कुख्यात गैंगस्टर गुरबख्श सेवेवाला के गैंग का हाथ होने की संभावना है।
गैंग पिछले कुछ माह से पप्पू कोचर से चौथ की मांग कर रहा था और उसे दो बार जान से मारने की धमकियां दे चुका था। घटना बाद दोपहर करीब साढ़े तीन बजे की है। उस समय रविंदर कोचर अपनी कार में सवार होकर मंडी से राइस मिल आ रहे थे। मिल के बाहर जब वे मिल का गेट खुलने का इंतजार कर रहे तो स्विफ्ट कार में पहुंचे हमलावरों में से एक रविंदर कोचर की कार के नजदीक पहुंचा और उद्योगपति पर रिवाल्वर से तीन गोलियां दाग दीं। इसके बाद वे मौके से फरार हो गए। कोचर की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की जानकारी मिलते ही एसएसपी डॉ. नानक सिंह समेत जिले के आला पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया। पुलिस इस घटना को सेवेवाला गैंग के साथ जोड़कर ही जांच कर रही है। इस मामले में एसएसपी डॉ. नानक सिंह ने कहा कि पुलिस विभिन्न बिंदुओं पर मामले की जांच कर रही है और राइस मिल के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज से आरोपियों की शिनाख्त का प्रयास किया जा रहा है।