बताया जा रहा है कि दोनों ने चंडीगढ़ में मारे गए अपने साथी गुरलाल बराड़ की हत्या का बदला लिया है। उधर, दिल्ली पुलिस द्वारा तीन आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद फरीदकोट पुलिस की एक टीम ने दिल्ली में डेरा डाल दिया है और वह दिल्ली पुलिस के साथ मिलकर आरोपियों से पूछताछ में जुटी हुई है। दिल्ली पुलिस की रिमांड अवधि खत्म होते ही तीनों को प्रोडक्शन वारंट पर फरीदकोट लाया जाएगा।
गोल्डी बराड़ के साथी को प्रोडक्शन वारंट पर लाई पुलिस
उधर, जिला पुलिस ने गुरलाल सिंह पहलवान की हत्या के मुख्य साजिशकर्ता गोल्डी बराड़ के एक करीबी गैंगस्टर सावन कुमार उर्फ अशीष उर्फ जेडी को साढ़े तीन माह पुराने फायरिंग मामले में प्रोडक्शन वारंट पर तीन दिन के लिए लाई है। उसे गुरुग्राम जेल से लाकर सोमवार को फरीदकोट के सीजेएम की अदालत में पेश किया गया।
यह वारदात गत वर्ष 11 नवंबर को हुई थी। उस दिन रात 10 बजे फरीदकोट के रजत कुमार शैफी नामक युवक पर जान लेने की नीयत से फायर किए गए थे। उस समय शैफी अपने एक दोस्त के घर जन्मदिन की पार्टी में शामिल होकर दोस्त अमित कुमार के साथ कार से घर आ रहा था। इस वारदात की साजिश भी कनाडा में बैठे गोल्डी बराड़ ने रची थी। भले ही पुलिस ने सावन को पुराने केस में रिमांड पर लिया है लेकिन माना जा रहा है कि उससे पुलिस पहलवान की हत्या मामले में भी सुराग उगलवाना चाहती है।