तेज रफ्तार कार की टक्कर से तीन बच्चों समेत महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। उसका पति बाइक खराब होने पर उसे खींच कर ले जा रहा था। इस दौरान महिला और उसके बच्चे पैदल साथ चल रहे थे। पुलिस ने आरोपी कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है, लेकिन आरोपी ड्राइवर की गिरफ्तारी नही हो पाई है।
पीड़ित राजेश चंद ने बताया कि 21 मई की रात वह पत्नी और तीन बच्चों के साथ सकेतड़ी गए थे। रात करीब 10.30 बजे जब वह सकेतड़ी से अपने घर विकास नगर लौट रहे थे। इसी बीच रास्ते में उनकी मोटरसाइकिल खराब हो गई। राजेश बाइक को खींचते हुए घर की ओर आ रहे थे, इस दौरान उनकी पत्नी और तीनों बच्चे पैदल साथ साथ चल रहे थे। जैसे ही वह परिवार सहित एनएसी छोटे चौक के पास पहुंचे तो एक तेज रफ्तार सेंट्रो कार चालक उनकी पत्नी और बच्चों को टक्कर मारकर फरार हो गया। इस हादसे में उनकी पत्नी सपना देवी, बेटी दिशा (12) , अलीशा (7) और चार साल का बेटा अनुराग घायल हो गए। हादसे के बाद आसपास के लोगों ने 100 नंबर पर पुलिस को सूचना दी। इसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को जीएमएसएच-16 लेकर गई। लोगों ने फरार कार का नंबर नोट कर पुलिस को दे दिया।
पीड़ित राजेश चंद का आरोप है कि पहले तो मामले के जांच अधिकारी एएसआई बहादुर सिंह ने कहा कि गाड़ी ट्रेस हो गई है, आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। लेकिन अब पुलिस का कहना है कि गाड़ी का जो नंबर बताया था, वह गलत है। उस नंबर की गाड़ी एक्सीडेंट में शामिल नहीं थी।
बुधवार दोपहर को पीड़ित जब सेक्टर-29 स्थित ट्रैफिक पुलिस लाइन में चौक पर लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज देखने के लिए आए तो उन्हें बताया गया कि उस रात हादसे वाली सड़क पर लाइट नहीं थी, इस कारण कैमरे में रिकार्डिंग नहीं हो पाई। पुलिस कह रही है कि हादसे के दौरान 100 पर जिसने कॉल कर गाड़ी का नंबर बताया था उसकी वो रिकार्डिंग दोबारा से सुनेंगे।
पुलिस का कहना है की जो गाड़ी का नंबर लोगों ने दिया था, वह गलत है। मामला अज्ञात कार चालक के खिलाफ दर्ज कर लिया गया है। जांच पूरी होने के बाद आरोपी को गिरफ्तार किया जाएगा।