राजपुरा में नकली शराब फैक्ट्री का खुलासा।
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
शंभू पुलिस व आबकारी विभाग ने संयुक्त तौर पर राजपुरा-अंबाला नेशनल हाईवे पर बंद पड़े एक कोल्ड स्टोर में छापामारी कर नकली शराब बनाने की फैक्ट्री का पर्दाफाश किया। मौके से नकली शराब बनाने वाला सामान, मशीनें, बड़ी संख्या में बोतलें, ढक्कन, लेबल, गत्ते के डिब्बे और अन्य सामान बरामद किया गया है। शंभू पुलिस ने छह लोगों को नामजद कर एक को गिरफ्तार कर लिया जबकि अन्य मौके से भाग गए।
एसएसपी पटियाला मनदीप सिंह सिद्धू ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि रेलवे लाइन के नजदीक एक बंद कोल्ड स्टोर में पिछले कुछ समय से नकली शराब बनाने का धंधा चल रहा है। देर रात शंभू पुलिस और आबकारी विभाग की टीम के साथ मौके पर पहुंची और छापेमारी कर मौके से कई लीटर नकली शराब, मशीनें व अन्य सामान बरामद किया।
यह भी पढ़ें- फिरोजपुरः लॉकडाउन में जारी है नशे की तस्करी, बीएसएफ ने सरहद से बरामद की आठ किलो हेरोइन
इस कोल्ड स्टोर में बिजली का कनेक्शन नहीं है। आरोपी जनरेटर के द्वारा एक डिस्टलरी की तरह मशीनें लगाकर नकली शराब बना रहे थे। अभी तक जांच में पता चला है कि आरोपी पिछले 15-20 दिन से यह फैक्ट्री चला रहे थे।
पुलिस ने दीपेश कुमार निवासी राजपुरा, हरप्रीत सिंह निवासी गांव थुआ, अमरीक सिंह निवासी खानपुर खुर्द, अमित कुमार निवासी गांव कुरियाना, जिला लखीमपुर खीरी (यूपी) समेत छह के खिलाफ केस दर्ज किया है।