चंडीगढ़ पुलिस के ट्रैफिक डीएसपी लक्ष्य पांडे के नाम से इंस्टाग्राम पर फर्जी अकाउंट बनाकर लोगों से पैसे मांगने का मामला सामने आया है। कई लोग ठगों को डीएसपी समझकर रुपये दे भी चुके हैं। आरोपियों ने डीएसपी की वर्दी पहनी तस्वीरों का इस्तेमाल कर कई फर्जी प्रोफाइल बनाए हैं। इन अकाउंट्स को असली दिखाने के लिए एक पर ब्लू टिक भी लगाया गया है।
इन फर्जी अकाउंट्स से महिलाओं को आपत्तिजनक संदेश भेजे जा रहे हैं, जिससे डीएसपी की छवि धूमिल हो रही है। डीएसपी पांडे ने इस पूरे मामले की शिकायत साइबर क्राइम थाने में दी है। पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
डीएसपी लक्ष्य पांडे वर्तमान में डेपुटेशन पर चंडीगढ़ में तैनात हैं और रोड एंड सेफ्टी विभाग के प्रभारी हैं। उन्होंने स्पष्ट किया है कि इन सोशल मीडिया अकाउंट्स से उनका कोई संबंध नहीं है और ये ठग उनके नाम और पहचान का दुरुपयोग कर रहे हैं।