फेसबुक पर हुई दोस्ती प्यार में बदल गई। दोनों के बीच प्यार परवान चढ़ने लगा। इसी बीच लड़की के परिजनों ने उसकी सगाई कहीं और तय कर दी। इससे आहत प्रेमी ने लड़की के घर पहुंचकर खुदकुशी कर ली।
यह घटना हरियाणा के यमुनानगर जिले के थाना छप्पर क्षेत्र की है। पंजाब के रोपड़ के गांव सजनौर का रहने वाला युवक सुरेंद्र यहां प्रेमिका की सगाई की खबर सुनकर पहुंचा था।
आहत हो उसने सलफास खा लिया। आसपास के लोग उसे लेकर यमुनानगर के ट्रॉमा सेंटर लेकर पहुंचे। सूचना पाकर पहुंची पुलिस के सामने मरने से पहले दिए बयान में सुरेंद्र ने अपनी लव स्टोरी की दास्तां सुना डाली।
हरियाणा की युवती, पंजाब का युवक
इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने शव को 174 की कार्रवाई कर पोस्टमार्टम के बाद परिजनों के हवाले कर दिया।
मरने से पहले थाना छप्पर पुलिस को दिए बयान में पंजाब के जिला रोपड़ में गांव सजनौर निवासी 25 वर्षीय सुरेंद्र ने बताया कि करीब आठ-नौ माह पहले उसका यमुनानगर के थाना छप्पर क्षेत्र की युवती से फेसबुक पर चैटिंग शुरू हुई।
एक-दूजे से जान-पहचान बढ़ने पर दोनों में दोस्ती हो गई। दोनों ने एक-दूसरे के नंबर लिए और फेसबुक के साथ फोन पर भी बातचीत करने लगे।
इसी बीच दोनों में प्यार परवान चढ़ने लगा था, लेकिन जब उसे युवती की सगाई के बारे पता चला, तो वह पंजाब से यमुनानगर के थाना छप्पर में युवती द्वारा बताए गए पते पर पहुंच गया।
युवती के परिजन नहीं माने तो खाया जहर
बताया जाता है सुरेंद्र के मनाने पर जब युवती के परिजनों नहीं माने तो उसने सलफास की पांच गोलियां निगल ली। इसके कुछ देर बाद उसकी हालत बिगड़ने लगी और आसपास के लोग उसे यमुनानगर के ट्रॉमा सेंटर लेकर पहुंचे।
पुलिस ने युवक के बयान लिए और कुछ देर बाद युवक की मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर परिजनों को मौके पर बुलवाया और पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों के हवाले कर दिया।
थाना छप्पर के जांच अधिकारी भूप सिंह ने बताया कि मरने से पहले युवक ने बयान दिया कि उसके और युवती के बीच फेसबुक पर चैटिंग के दौरान प्यार हुआ था। युवती की सगाई का पता चला, उसने यहां आकर सलफास खा लिया।