चंडीगढ़ स्थित पंजाब यूनिवर्सिटी(पीयू) कैंपस में लगातार हो रही घटनाओं से पीयू प्रशासन को शर्मसार होना पड़ रहा है। शुक्रवार को भी ऐसी ही एक घटना सामने आई है। कैंपस में छात्राओं की सुरक्षा को लेकर फिर से सवाल उठ रहे हैं। वीरवार देर शाम एक बाहरी युवक द्वारा छात्रा के साथ छेड़छाड़ का मामला सामने आया है। पीयू कैंपस में गाड़ी में बैठे युवक ने छात्रा पर भद्दे कमेंट किए। कुछ देर तक छात्रा ने विरोध किया लेकिन जब छात्र नहीं माना तो उसने मामले की जानकारी पीयू सिक्योरिटी गार्ड को दी। मामले की जानकारी मिलते ही पीयू के आला अधिकारी भी पहुंच गए।
युवक ने कैंपस से भागने की कोशिश की, लेकिन गेट बंद कर उसकी दबोच लिया गया। पीयू सिक्योरिटी ने युवक को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। छात्रा की मांग पर मामले को पीयू चीफ सिक्योरिटी ऑफिसर ने पीयू सेक्सुअल ह्रासमेंट कमेटी के पास भी रेफर कर दिया है। जानकारी अनुसार घटना करीब शाम 8.30 बजे की है। पीयू कैंपस में हॉस्टल नंबर 6 के सामने एक गाड़ी में पीयू के लॉ विभाग का पूर्व छात्र गाड़ी में साथियों के साथ घूम रहा था। युवक ने छात्रा पर कमेंट किया और उसे पकड़ने की कोशिश की। छात्रा द्वारा कई बार चेतावनी के बाद भी युवक नहीं माना। मामले की जानकारी मिलते ही सिक्योरिटी गार्ड ने युवक को दबोच लिया।
उधर इस मामले में डीएसपी रामगोपाल का कहना कि पीयू में हुई छेड़छाड़ की घटना में छात्रा ने शिकायत देने से मना कर दिया। छात्रा ने पीयू प्रशासन की पीयू कैश कमेटी को कार्रवाई के लिए लिखा है। गौरतलब है कि कुछ महीने पहले भी पीयू मार्केट और गर्ल्स हॉस्टल के बाहर छात्राओं से छेड़छाड़ के मामले सामने आ चुका है। लेकिन फिर भी पीयू कैंपस में लड़कियों की सिक्योरिटी को लेकर सवालिया निशान उठाता रहा है। चीफ सिक्योरिटी ऑफिसर डॉ.जितेंद्र ग्रोवर ने मामले की पुष्टि की है। छात्रा की अपील पर पीयू कैश को भी शिकायत भेजी गई है।