नई जेल नाभा की तारों की फेंसिंग काटकर दाखिल हुए आरोपी को पुलिस ने धर लिया। आरोपी के पास से पुलिस ने भारी मात्रा में नशे, कई मोबाइल फोन बरामद किए हैं। आरोपी के खिलाफ सदर नाभा पुलिस ने केस दर्ज करके मामले की जांच शुरू कर दी है।
सदर नाभा थाने के एएसआई निर्मल सिंह ने बताया कि पुलिस पार्टी असामाजिक तत्वों की तलाश में बौड कलां में गश्त कर रही थी। इसी दौरान अजय शर्मा निवासी पलानी राजस्थान को काबू किया गया। वह नई जिला जेल नाभा की तारों की फेंसिंग को काटकर अंदर दाखिल हो गया था।
जब आरोपी की तलाशी ली गई, तो उसके पास से 200 नशीली गोलियां, छह मोबाइल फोन बिना सिम, एक प्लास्टिक की रस्सी, एक टेप रोल, एक रैपर प्लास्टिक बरामद किया गया। पुलिस के मुताबिक आरोपी ने यह नशे व मोबाइल जेल में सप्लाई करने थे। मामले की जांच की जा रही है कि किस को यह सब सामान दिया जाना था।