पेशी से आते समय चंडीगढ़ पुलिस की कस्टडी से भागने वाले शातिर अपराध्ाी को सीआईए स्टाफ ने 3 साथियों सहित गिरफ्तार किया है। राजपुरा में पेशी से आते समय चंडीगढ़ पुलिस की कस्टडी से भागने वाले शातिर आरोपी गुरजंट सिंह उर्फ जंटा को सीआईए स्टाफ ने तीन साथियों सहित गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से एक स्विफ्ट कार, एक पिस्टल प्वाइंट 32 बोर, चार कारतूस और 17 लाख 50 हजार रुपये का सामान बरामद हुआ है।
आरोपियों की पहचान कुलविंदर सिंह निवासी गांव रायपुर खुर्द, फरमान खान निवासी भागोमाजरा, कृष्ण सिंह उर्फ कृष्णा निवासी मौली बैदवान के रूप में हुई है। यह दावा एसएसपी गुरप्रीत सिंह भुल्लर ने पीसीए स्टेडियम में आयोजित प्रेस कांफ्रेंस में बुधवार को किया।
उन्होंने कहा कि पकड़े गए आरोपी मोहाली, चंडीगढ़ और आसपास के इलाके में व्हीकल चोरी व अन्य वारदातों को अंजाम देते थे। वहीं, चोरी किए गए वाहनों को जाली दस्तावेज बनाकर बेच देते थे।
गुप्त सूचना पर कार्रवाई एसएसपी ने बताया कि सीआईए इंस्पेक्टर गुरचरन सिंह की अगुवाई में थानेदार पवन कुमार समेत सीआईए स्टाफ ने थाना सोहाना के एरिया में मौजूद थे। तभी गुप्त सूचना मिली कि कुलविंदर सिंह निवासी गांव रायपुर खुर्द, फरमान खान निवासी भागोमाजरा, कृष्ण सिंह उर्फ कृष्णा निवासी मौली बैदवान, हन्नी व सन्नी दोनों निवासी रसूलपुर जिला रोपड़ ने चंडीगढ़ पुलिस की कस्टडी से भागे गुरजंट सिंह उर्फ जंटा को शरण दे रखी है। इसी बीच पुलिस ने आरोपियों को दबिश देकर काबू कर लिया।
जेल में बना था गुरजंट को भगाने का प्लान आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि गुरजंट जब बुड़ैल जेल में बंद था। इस दौरान मोटरसाइकिल चोरी के केस में गुरजंट का दोस्त कुलविंदर सिंह भी जेल में था। इसी दौरान गुरजंट को पुलिस कस्टडी से भगाने की योजना तैयार की थी।
पेशाब करने के बहाने से भागा था जानकारी के मुताबिक बीते छह जून को गुरजंट फार्च्यूनर कार छीनने के आरोप में राजपुरा अदालत में पेशी के लिए गया था। चंडीगढ़ पुलिस के तीन मुलाजिम गुरजंट को स्कोडा रैपिड कार में लेकर आए थे। वहीं, अन्य आरोपी प्लान के मुताबिक स्विफ्ट कार में पहुंच गए थे। उसके साथ फरमान भी था। उसके साथी पुलिस का पीछा कर रहे थे। पेशी से लौटते समय पुलिस वाले गुजरंट को लेकर मोहाली के सेक्टर-67 स्थित गुरु नानक स्वीट्स के पास रुके। इसी बीच जब वह चंडीगढ़ के लिए रवाना हुए तो जंटा ने प्लान के मुताबिक पेशाब जाने की बात कहीं। इसी बीच पीछे उसके साथी आ रहे थे। दोस्तों की गाड़ी में बैठकर वह फरार हो गया।