विद्यार्थियों को नशा बेचने के खुलासे के बाद अब विद्यार्थियों के इस धंधे में सम्मिलित होने के मामले भी सामने आने लगे हैं। पंचकूला में गत दिनों एक स्कूल के छात्र से हेरोइन बरामद होने के बाद अब मोहाली में सॉफ्टवेयर इंजीनियरिंग के स्टूडेंट को प्रतिबंधित नशीली दवाओं समेत काबू किया गया है।
वह इलाके के स्टूडेंट्स को ये दवाएं बेचने जा रहा था। युवक की पहचान चंद्रकांत (24) निवासी सेक्टर-44, चंडीगढ़ के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। आरोपी को मंगलवार को अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे एक दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया है।
थाना मटौर की पुलिस ने सेक्टर-70 स्थित अमर अस्पताल के पास सोमवार देर रात नाके के दौरान युवक को काबू किया, जब वह हाथ में एक लिफाफा लेकर पैदल ही जा रहा था। लिफाफे से 180 गोलियां व 104 कैप्सूल प्रतिबंधित दवा के बरामद हुए। इसके साथ ही पुलिस ने चंडीगढ़ पुलिस से युवक के बारे में रिकॉर्ड मांगा है।
जल्द पैसा कमाने के चक्कर में चुनी यह राह
पूछताछ में सामने आया कि युवक की कुछ समय पहले ही शादी हुई थी, जबकि इसी बीच उसे नशे की लत लग गई। जल्दी पैसा कमाने के चक्कर में उसने यह रास्ता चुना था।
माता-पिता अंधे, अब बहन चला रही है घर फिर नशे में डूबा बेटा
पता चला है कि युवक के माता-पिता दृष्टिहीन हैं। युवक पर ही परिवार पालने की जिम्मेदारी है, लेकिन युवक नशे में डूबकर अपनी जिम्मेदारी को भूल रहा है। युवक की बहन ही घर चला रही थी।