विद्युत नगर में रह रहे इंजीनियर तपेश कुमार गर्ग ने गेट में अंडर 50 रैंक की तैयारी न हो पाने के चलते ट्रेन के सामने कूदकर जान दे दी। इंजीनियर का पिछले वर्ष गेट (ग्रेजुएट एप्टीट्यूड टेस्ट इन इंजीनियरिंग) में ऑल इंडिया 245वां रैंक आया था।
वह इस रैंक पर नाखुश था और तब से गेट के अच्छे रैंक लेने की तैयारी कर रहा था। तपेश भठिंडा में एनएफएल (नेशनल फर्टिलाइजर लिमिटेड) में इंजीनियर था। इन दिनों वह अपने घर आया हुआ था। उसका वेतन 60 हजार रुपये मासिक था, लेकिन वह अपने पद और वेतन से संतुष्ट नहीं था।
जीआरपी ने मृतक इंजीनियर के शव का सिविल अस्पताल में पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया। जीआरपी ने बताया है कि सूर्य नगर फाटक के पास सुबह 10 बजे हादसा हुआ। तपेश ने ट्रेन के सामने छलांग लगा दी। उसकी जेब से अंग्रेजी में लिखा सुसाइड नोट मिला है। परिजनों ने बताया कि वह नौ बजे तक घर पर ही था।
रात को मनाया था मां का बर्थ-डे
इंजीनियर की मां ऊषा गर्ग बिजली निगम में असिस्टेंट के पद पर नौकरी करती हैं। तपेश गर्ग अपनी मां का बर्थ-डे मनाने के लिए घर आया था। छह जनवरी की रात परिवार ने मां का बर्थ-डे मनाया। उसके पिता सुरेश गर्ग की वर्ष 1994 में डेथ हो गई थी। वे निगम में एसडीओ के पद पर थे। परेशान बेटे ने सुबह आत्महत्या कर ली, जिस घर में रात को खुशियां मन रही थीं, सुबह वहां से बेटे की अर्थी उठी।