मौके पर मौजूद सीआईए और पुलिस टीम।
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
पंजाब के फिरोजपुर जिले में फाजिल्का राजमार्ग पर स्थित कैनाल कालोनी चौक के पास पुलिस और गैंगस्टरों के बीच मुठभेड़ हुई। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में गैंगस्टर दलेर सिंह निवासी खाईफेमीकी जिला के पांव में गोली लगी है। पुलिस ने उसे दबोच लिया। जबकि उसका दूसरा साथी बाइक पर सवार होकर फरार हो गया। पुलिस को तलाशी में .32 बोर का पिस्तौल (अवैध), दो कारतूस और तीन खोखे मिले हैं।
दलेर के खिलाफ पंजाब के 17 थानों में हत्या और लूटपाट के मामले दर्ज हैं। पुलिस को काफी समय से उसकी तलाश थी। फिरोजपुर सदर पुलिस ने दोनों बदमाशों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक अपराध जांच एजेंसी (सीआईए) स्टाफ और थाना सदर पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर फाजिल्का-फिरोजपुर राजमार्ग पर स्थित कैनाल कालोनी चौक के पास नाकाबंदी की। फिरोजपुर की तरफ से बाइक पर गैंगस्टर दलेर सिंह और उसका साथी गांदी आ रहा था। दोनों ने नाका देख वहां से बचकर निकलने की कोशिश की और इस दौरान पुलिस पर फायरिंग की।
पुलिस ने भी जवाबी फायरिंग की। इस दौरान एक गोली गैंगस्टर दलेर के दाहिने पांव पर लगी। इसके बाद पुलिस ने उसे काबू कर लिया। दलेर को फिरोजपुर के सिविल अस्पताल में दाखिल करवाया गया है। उधर, सिविल अस्पताल के डॉक्टर ने कहा कि दलेर के दाहिने पांव में गोली लगी है। बाकी वह ठीक है। मुठभेड़ के दौरान सीआईए स्टाफ प्रभारी हरप्रीत सिंह और थाना सदर फिरोजपुर के प्रभारी रवि चौहान मौजूद रहे।
एसपी (डिटेक्टिव) रणधीर कुमार ने बताया कि दलेर सिंह पर पंजाब के कई थानों में हत्या, एनडीपीएस और लूटपाट के 17 मामले दर्ज हैं। पुलिस को लंबे समय से इसकी तलाश थी। हरियाना के थाना में दो, मानसा में पांच, थाना कैंट फिरोजपुर में एक, फिरोजपुर सदर में एक, मक्खू में तीन, जीरा में एक, अमृतसर में दो और फरीदकोट में दो मामले दर्ज हैं। पुलिस के हाथ बड़ी सफलता लगी है। दलेर के दूसरे साथी की तलाश की जा रही है।