जानकारी अनुसार मृतक 40 वर्षीय दीपक मेहता के पांवों में दिक्कत होने के चलते वह व्हील चेयर के सहारे चलता था जिसके चलते उसने घर पर खाना बनाने वाली महिला को रखा हुआ था। मृतक दीपक मेहता के मकान की तीन चाबी थी, जिसमें से एक उसके स्वयं के पास, दूसरी खाना बनाने वाली व तीसरी उसके दोस्त सुरजीत के पास थी।
रोजाना की तरह सुबह करीबन आठ बजे खाना बनाने के लिए शिवा गली निवासी मूर्ति देवी घर के बाहर आई। जब वह ताला खोलने लगी तो ताले पर खून लगा हुआ था। जिसके बाद उसने मृतक के नंबर पर फोन मिलाया लेकिन फोन पर बात नही हो पाई। मूर्ति ने सूचना मृतक के दोस्त डांगरा निवासी सुरजीत को दी। जब वह घर आया तो उसने पड़ोसी की छत से देखा तो बरामदे में खून बिखरा हुआ था। सुरजीत ने मामले की सूचना शहर पुलिस को दी ।
पड़ोसी की छत से होकर मृतक के घर में घुसे पुलिसकर्मी
मृतक के मकान का ताला बाहर से बंद होने व ताले पर खून होने के चलते पुलिस ने ताले को तोड़ने की बजाय पड़ोसी की छत से दीपक के घर की छत पर पहुंचे और सीढ़ियों का दरवाजा तोड़कर घर में दाखिल हुए। एसएचओ ने मकान में घुसकर देखा तो मृतक के शव से सिर गायब मिला। मामला सनसनीखेज होने के चलते सूचना पाकर जिला पुलिस कप्तान राजेश मौके पर आए तथा जांच करते हुए मृतक के दोस्त सुरजीत व बहन सुषमा से बातचीत की।
इस दौरान सीन ऑफ क्राइम की टीम ने मकान के दरवाजे के ताले पर खून के निशान की जगह से फिंगर प्रिंट जुटाए व मामले की गहनता से जांच की। इस दौरान पुलिस की टीम ने शव को चादर में डालकर उसे पोस्टमार्टम के लिए नागरिक अस्पताल पहुंचाया।
भाई की मौत की सूचना पाकर मृतक दीपक की बहन सुषमा संगरूर से आई। सुषमा ने बताया कि वह दस-बारह दिन में यहां आकर अपने भाई का पता करती थी। उसने बताया कि उसके भाई अशोक ने दीपक की प्रॉपर्टी के लिए हत्या की है। उसने कहा कि वो पिछले काफी समय से इसके लिए लगातार धमकियां भी दे रहा था। सुषमा ने बताया कि तकरीबन दस साल पहले मृतक दीपक का विवाह हुआ था लेकिन तीन साल पहले उसका तलाक हो गया था।
क्या कहते है डीएसपी
इस बारे में डीएसपी बिरम सिंह ने बताया कि सुबह पुलिस को दीपक मेहता की मौत की सूचना मिली जिसके बाद मौके पर पहुंची उनकी टीम मामले की जांच कर रही है। उन्होंने बताया कि मृतक दीपक मेहता घर में अकेला रहता था। मृतक के शव को तेजधार हथियार से चोटें मारी गईं, जिससे इसकी मौत हुई है।
डीएसपी ने बताया कि प्राथमिक जांच में सामने आया है कि कोई घर का ही जानकारी व्यक्ति मृतक के पास रात्रि के समय रुका है और जाते समय गेट पर ताला भी लगाकर गया है। बिरम सिंह ने बताया कि मृतक के शरीर से सिर गायब है, जिसे आरोपी द्वारा साथ ले जाने व कहीं रखने की आशंका है। फिलहाल मृतक की बहन की शिकायत पर उसी के दूसरे भाई अशोक के खिलाफ मामला दर्जकर जांच शुरू कर दी गई है।