गोपाल नगर में रहने वाले बिजली बोर्ड के जेई पवन कुमार ने घरेलू कलह में अपने लाइसेंसी हथियार से पत्नी रेनू व बेटे साहिल को रविवार सुबह जान से मारने का प्रयास करते हुए गोलियां चला दीं। दोनों मां बेटा एक-एक गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हो गए।
गोलियों की आवाज सुनते ही आस पड़ोस में दहशत फैल गई। लोगों को एकत्रित होता देख आरोपी जेई मौके से फरार हो गया। लोगों ने घायल मां-बेटे को सिविल अस्पताल पहुंचाया। दोनों की जांघ में एक एक गोली लगी है। वारदात के बाद इलाके में दहशत फैल गई। पुलिस ने हत्या के प्रयास और आर्म्स एक्ट के तहत केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार जेई पवन कुमार अपने परिवार के साथ गोपाल नगर में कई वर्षों से रह रहा था। उसका अपनी पत्नी के साथ पिछले काफी समय से घरेलू झगड़ा चल रहा था। जिसके चलते उसका बेटा साहिल अपनी मां का साथ देता था। जिससे जेई अकसर आहत रहता था। रविवार को सुबह जब फिर से पति-पत्नी के बीच झगड़ा हुआ तो साहिल ने मां का साथ दिया, जिसके चलते गुस्साए जेई ने अपने लाइसेंसी हथियार से दोनों पर गोली चला दी।
जिनमें से एक गोली उसकी पत्नी की जांघ में और एक गोली बेटे की जांघ में। गोली लगने ही दोनों बेहोश होकर नीचे गिर पडे़। गोलियों की आवाज सुनकर जैसे ही पड़ोसी जेई के घर पहुंचे तो जेई हथियार के साथ मौके से फरार हो गया। लोगों ने दोनों घायलों को तुरंत सिविल अस्पताल पहुंचाया। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।