स्कूटी पर मां को लेकर बनूड़ जा रहे व्यक्ति को टक्कर मारकर ट्रक ड्राइवर मौके पर ट्रक छोड़कर फरार हो गया। हादसे में बुजुर्ग महिला को गंभीर चोटें आई हैं। महिला का इलाज पीजीआई में चल रहा है। पुलिस ने बुजुर्ग महिला के बेटे की शिकायत पर आरोपी ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार बुधवार शाम को पीड़ित गुरविंदर सिंह ने बताया कि वह अपनी मां निर्मलजीत कौर को लेकर जा रहा था। वह दड़वा पहुंचे कि तभी मनीमाजरा से बनूड़ जा रहे तेज रफ्तार ट्रक ने उन्हें साइड मार दी। साइड लगने से निर्मलजीत कौर के हाथ व शरीर का हिस्सा ट्रक के नीचे गया। हालांकि इसमें गुरविंदर सिंह को चोट नहीं आई।
इसके बाद कुछ दूर जा कर ट्रक चालक ने ट्रक रोका और मौके से फरार हो गया। पीड़ित ने पुलिस को हादसे की सूचना दी। पुलिस महिला को जीएमएसएच-16 लेकर गई। जहां उसकी गंभीर हालत देखते हुए डॉक्टरों ने पीजीआई रेफर कर दिया।
महिला पीजीआई में भर्ती है और उसका इलाज चल रहा है। पुलिस ने गुरविंदर सिंह के बयान पर ट्रक चालक के खिलाफ केस दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि आरोपी को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।